कोरबा। केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय ने माय भारत पोर्टल के सहयोग से वीबी-जी राम जी यूथ डिजिटल कैंपेन की शुरुआत की है। की है। इस अभियान का उद्देश्य देश के युवाओं को ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन और आजीविका संवर्धन से जुड़ी गतिविधियों में शामिल करना है। डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से युवा अपने गांव की सकारात्मक कहानियां, नवाचार और विकास कार्य देशभर के सामने ला सकते हैं। जिले में भी इस अभियान को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। जिला पंचायत के सीईओ दिनेश नाग ने युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा को प्रदर्शित करें। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में हो रहे विकास कार्य, स्वरोजगार की पहल और रोजगार के अवसरों को युवाओं के माध्यम से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रस्तुत किया जा सकता है, जिससे अन्य क्षेत्रों को भी प्रेरणा मिलेगी।
वीडियो चैलेंज, क्विज और लोगो डिजाइन स्पर्धाएं होंगी
वीडियो चैलेंज: प्रतिभागियों को अपने गांव के विकास, रोजगार के अवसर या किसी सकारात्मक पहल को दर्शाते हुए हुए 30 से 60 सेकंड की शॉर्ट वीडियो या रील बनानी होगी। वीडियो की अधिकतम फाइल साइज 25 एमबी होगी। 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा इसमें हिस्सा ले सकते हैं। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को भारत सरकार कार्यक्रम में अपने अनुभव साझा करने का मौका भी मिलेगा।
ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता: माय भारत पोर्टल पर उपलब्ध अधिनियम और अभियान से संबंधित 20 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। सफल प्रतिभागियों को ऑनलाइन सर्टिफिकेट प्रदान किया जाएगा।
लोगो डिजाइन प्रतियोगिता: विकसित भारत-जी राम जी एक्ट, 2025 के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रतिभागियों को अभियान की भावना और उद्देश्य को दर्शाता आकर्षक और रचनात्मक लोगो डिजाइन करना होगा। चयनित सर्वश्रेष्ठ लोगो के लिए 50 हजार रुपए नकद पुरस्कार रखा गया है। चयनित लोगो का उपयोग भविष्य में इस अभियान की आधिकारिक प्रचार सामग्री और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर किया जाएगा।
![]()

