कोरबा। दीपका बस्ती में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब आत्मानंद स्कूल दीपका में कक्षा 11वीं में पढ़ने वाले छात्र दिलीप कंवर की कमरे में आग लगने से मौत हो गई। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे, लेकिन कमरे में आग कैसे लगी, इसका कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि सुबह परिवार के सदस्य धान समेटने के काम में लगे थे। करीब 10:30 बजे दिलीप की बड़ी मां घर की छत पर कपड़े सुखा रही थीं। इसी दौरान उन्हें कमरे से धुआं निकलता दिखाई दिया। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर धुआं भरा हुआ था और दिलीप गंभीर रूप से जली अवस्था में मिला। पुलिस की प्रारंभिक जांच में कमरे से ऑयल पेंट और माचिस भी मिली है। आसपास के लोगों और परिजनों के बीच मोबाइल फटने से आग लगने की चर्चा रही, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। आग किन परिस्थितियों में लगी और छात्र की मौत कैसे हुई, इसका खुलासा जांच के बाद ही होगा। दिलीप कंवर सप्लीमेंट्री परीक्षा पास करने के बाद करीब तीन दिन पहले ही दोबारा स्कूल जाना शुरू किया था। बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद उसकी अर्धवार्षिक परीक्षा भी होने वाली थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार और स्कूल के विद्यार्थियों में शोक का माहौल है। दिलीप के पिता एसईसीएल की बगदेवा खदान के ब्लास्टिंग विभाग में कार्यरत हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
![]()
































