कोरबा। ईद को लेकर बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। ईद के करीब आते ही शहर के मुख्य बाजारों में चहल-पहल तेज हो गई है। खासकर सेवईयों, खजूर, सूखे मेवे और नए कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ दिखाई देने लगी है। शाम होते ही बाजारों में खरीदारी करने वालों की संख्या और बढ़ जाती है, जिससे पूरे इलाके में त्योहार जैसा माहौल बन गया है।
कोरबा के घंटाघर, ट्रांसपोर्ट नगर, पुरानी बस्ती और आसपास के बाजारों में दुकानदारों ने ईद को ध्यान में रखते हुए विशेष तैयारी की है। दुकानों में पतली, मोटी और भुनी हुई सेवईयों के कई प्रकार उपलब्ध हैं। साथ ही खजूर, बादाम, काजू, पिस्ता सहित अन्य सूखे मेवों की भी अच्छी मांग देखने को मिल रही है। ईद के दिन बनने वाली पारंपरिक मिठाई के लिए लोग बड़ी मात्रा में सेवई और ड्राई फ्रूट खरीद रहे हैं। कपड़ा बाजार में भी खास रौनक देखने को मिल रही है। युवक-युवतियां और बच्चे नए कपड़ों की खरीदारी में जुटे हुए हैं। रेडीमेड गारमेंट्स की दुकानों में कुर्ता-पायजामा, पठानी सूट, बच्चों के आकर्षक परिधान और महिलाओं के लिए नए डिजाइन के ड्रेस की अच्छी बिक्री हो रही है। इसके अलावा टोपी, इत्र और चूड़ियों की – दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ बढ़ गई है। ईद की तैयारियां जोरों पर हैं। बाजारों – में सेवईयों की खुशबू, रंग-बिरंगे कपड़ों – की चमक और लोगों की चहल-पहल से पूरा माहौल उत्साह और भाईचारे के रंग में रंगता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में ईद के करीब पहुंचते-पहुंचते बाजारों की रौनक और भी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
![]()

