एम्बुलेंस नहीं मिलने पर जहर सेवन पीडि़त की मौत
कोरबा। नशे में धुत युवक भोजन कर गांव में घुमता रहा, जब वह दोबारा घर पहुंंचा तो खाना समाप्त हो चुका था। जिससे आक्रोशित होकर युवक ने जहर का सेवन कर लिया। विडंबना तो यह है कि उसे अस्पताल ले जाने एम्बुलेंस का इंतजार करते रहे, लेकिन सेवा नही मिल सकी। करीब 12 घंटे बाद संजीवनी एक्सप्रेस में युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
करतला थानांतर्गत ग्राम बताती में बुधराम कंवर निवास करता है। वह खेती किसानी कर परिवार का भरण पोषण करता है। उसका 19 वर्षीय पुत्र कुमार सानू बुरी संगत में पडक़र नशे का आदी हो गया था। वह शराब को सेवन करता था। प्रतिदिन की तरह मंगलवार को भी कुमार सानू सुबह से ही शराब पीकर गांव में घुमता रहा। वह देर शाम घर पहुंचा और भोजन कर पुन: बस्ती की ओर चला गया। कुमार सानू रात करीब नौ बजे घर पहुंचा। उसने परिजनों ने भोजन की मांग की, लेकिन रात अधिक हो जाने और परिवार के सभी सदस्यों के खाना खा लेने के कारण रसोईघर में कुछ भी नही बचा था। जिससे युवक आक्रोशित हो गया। उसने पहले तो रसोई घर में रखे बर्तन को फेंक दिया, इसके बाद जहरीली दवा को गटक लिया। थोड़ी देर बाद उसकी तबीयत बिगडऩे लगी। जिसकी जानकारी परिजनों ने आसपास के लोगों को दी। वे एम्बुलेंस सेवा के लिए 108 नंबर पर संपर्क करते रहे, लेकिन काल रिसिव नही हुआ। आर्थिक तंगी और सुविधा संसाधन के अभाव में परिजन युवक को पूरी रात घर में ही रखे रहे। बुधवार की सुबह संजीवनी एक्सप्रेस के पहुंचने पर युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। अस्पताली मेमो मिलने पर पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
![]()

