एसईसीएल की पंद्रह ब्लॉक कॉलोनी पटा गंदगी और कचरे से, दो सप्ताह से कचरा उठाने नहीं आ रहे सफाईकर्मी
कोरबा। एसईसीएल कॉलोनी पंद्रह ब्लॉक सहित अन्य स्थानों से पिछले पंद्रह दिनों से कोई कचरा नहीं उठ रहा है। लोग पहले की तरह रोजाना सुबह से कचरा रख कर सफाईकर्मी का इंतजार करते रहते हैं, लेकिन इसे लेने कोई आता नहीं है। घरों में कचरा जाम होने से कॉलोनी के लोग एक बार फिर घर के पीछे कचरा फेंक रहे है,इससे आसपास न सिर्फ भारी गंदगी फैल रही है अपितु बदबू फैलने से बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। एसईसीएल प्रबंधन कचरों की सफाई कॉलोनी से क्यों नहीं करा रहा है, यह कॉलोनी वासियों के समझ में नहीं आ रहा है। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि विगत कुछ समय से पंद्रह ब्लॉक सहित अन्य कॉलोनियों में एसईसीएल प्रबंधन नियमित कचरे का उठाव करता था। सफाईकर्मी सुबह 8 से 10 बजे के बीच पिकअप वाहन से आकर घरों से कचरा उठा ले जाते थे। मुहल्ले में कचरा उठाने वाली गाड़ी की सूचना सिटी बजाकर होती थी। अब जब कि 15 दिन से अधिक हो गए हैं। कचरा उठाने न तो कोई सिटी बजाकर सूचना दे रहे हैं और न ही कोई वाहन आ रहा है। इतने दिनों तक कचरा रखे-रखे परेशान लोग घर की गंदगी कही भी उड़ेले जा रहे हैं। लोगों के पास कोई विकल्प भी नहीं है,इसलिए वे घर के पीछे कचरा फेकते जा रहे हैं। इससे भारी गंदगी फैलती जा रही है। वहीं अनेक लोग ऐसे भी है जो इक_ा हुए कचरों को जलाने लगे है। जिससे आसपास धुआँ फैल रहा है और पर्यावरण को नुकसान पहुँच रहा है। सूत्रों का कहना है पंद्रह ब्लॉक सहित एसईसीएल कॉलोनी में सफाई व्यवस्था ठप होने की वजह ठेकेदार का टेंडर खत्म होना है। नए टेंडर में समय लगने से सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमराई है। लोगों का कहना है कि प्रबंधन को आपात स्थिति के लिए कुछ न कुछ व्यवस्था करनी चाहिए, अन्यथा कॉलोनी के लोगों को कुछ न कुछ करना पड़ेगा।
बॉक्स
जीर्ण शीर्ण हो गए हैं चेम्बर, गिर रहे हैं मवेशी
पंद्रह ब्लॉक कॉलोनी में घरों के पीछे बने चेम्बर जीर्ण शीर्ण होकर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जिसमें आये दिन गाय गिरकर घायल हो रही है। क्वाटर नम्बर जी 61 के पीछे चेम्बर के क्षतिग्रस्त होने से रविवार को फिर एक मवेशी गिरकर लहूलुहान हो गया। किसी तरह आसपास के लोगों ने उसे बाहर निकाला। लोगों का कहना है कि प्रबंधन को इस ओर ध्यान देना चाहिए अन्यथा कभी भी जनहानि हो सकती है।
![]()

