कोरबा। देश की प्रमुख कोयला कंपनियों में शामिल साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) ने वर्ष 2026-27 के लिए 1600 अप्रेंटिस पदों पर भर्ती निकाली है। यह प्रशिक्षण कंपनी की विभिन्न भूमिगत और ओपन कास्ट खदानों तथा अन्य प्रतिष्ठानों में एक वर्ष की अवधि के लिए दिया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थी 17 से 31 मार्च तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। टेक्नीशियन अप्रेंटिस श्रेणी में खनन इंजीनियरिंग के लिए सर्वाधिक 900 पद रखे गए हैं। इसके अलावा खनन सर्वेक्षण के 40, सिविल इंजीनियरिंग के 40, विद्युत इंजीनियरिंग के 50, यांत्रिक इंजीनियरिंग के 50 तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूरसंचार इंजीनियरिंग के 20 पद निर्धारित किए गए हैं। इसमें आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को सबसे पहले नेशनल अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग स्कीम के नेट्स 2.0 पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा। इसके बाद एसईसीएल की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध लिंक के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा। भर्ती संबंधित विस्तृत जानकारी और आधिकारिक अधिसूचना कंपनी की वेबसाइट में देखी जा सकती है। कंपनी की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार इस पहल का उद्देश्य इंजीनियरिंग, तकनीकी और सामान्य स्नातक क्षेत्रों के युवाओं को उद्योग से जुड़ा व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें भविष्य में बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें।
इन पदों पर होगी भर्ती
भर्ती के तहत कुल 1600 पद निर्धारित किए गए हैं। इनमें 500 पद ग्रेजुएट अप्रेंटिस और 1100 पद टेक्नीशियन अप्रेंटिस के लिए तय किए गए हैं। ग्रेजुएट अप्रेंटिस के पदों में खनन इंजीनियरिंग के लिए 200, सिविल इंजीनियरिंग के लिए 20, विद्युत इंजीनियरिंग के लिए 30, यांत्रिक इंजीनियरिंग के लिए 30 तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं दूरसंचार इंजीनियरिंग के लिए 10 पद शामिल हैं। इसके अलावा प्रशासन (बीबीए) के लिए 25, कंप्यूटर एप्लीकेशन (बीसीए) के लिए 100, वाणिज्य (बी. कॉम) के लिए 50 और विज्ञान (बीएससी, केमिस्ट्री) के लिए 35 पद निर्धारित किए गए हैं।
![]()

