कोरबा। विगत 5 वर्ष पूर्व शासन द्वारा कानून व्यवस्था व अपराध नियंत्रण के लिए कटघोरा में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की स्थापना की गई थी। प्रशासनिक कार्य संपादन के लिए अतिरिक्त कलेक्टर भी पदस्थ किया गया था। इसके बावजूद आदेश का क्रियान्वयन नहीं होने से कटघोरा की जनता को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। जिसे लेकर कटघोरा नगर पालिका परिषद अध्यक्ष राज जायसवाल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर कटघोरा में अतिरिक्त कलेक्टर (एडीएम) व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) की पदस्थापना सुनिश्चित करने की मांग की है। श्री जायसवाल ने कहा कि शासन द्वारा पूर्व में जारी आदेश का अब तक क्रियान्वयन नहीं हो पाया है, जिससे क्षेत्र की जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में श्री जायसवाल ने उल्लेख किया है कि लगभग पांच वर्ष पूर्व कटघोरा में प्रशासनिक कार्यों के बेहतर संचालन के लिए एडीएम और एएसपी की पदस्थापना का निर्णय लिया गया था। इसके बावजूद वर्तमान में दोनों अधिकारी कोरबा जिला मुख्यालय में बैठकर कार्य कर रहे हैं, जिससे कटघोरा व आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इससे आम नागरिकों का समय और धन दोनों व्यर्थ हो रहे हैं तथा अनावश्यक परेशानी बढ़ रही है। नपा अध्यक्ष ने इसे क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय बताते हुए मुख्यमंत्री से मांग की है कि दोनों अधिकारियों की नियमित व स्थायी पदस्थापना कटघोरा में सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। जायसवाल ने यह भी कहा कि अधिकारियों की स्थानीय स्तर पर उपस्थिति से प्रशासनिक कार्यों में तेजी आएगी, शिकायतों का शीघ्र निराकरण होगा तथा क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
![]()

