कोरबा। उरगा क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद है। शातिर चोर अब तक सूने मकान के अलावा खंभों में लगे तार की चोरी करते आ रहे थे, अब चोरों ने ट्रांसफार्मर को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जिसमें चोरों ने विद्युत प्रवाहित तार को काटकर ट्रांसफार्मर से कीमती पार्टस की चोरी कर ली।
इसका खुलासा तब हुआ, जब किसान अपने खेत में सिंचाई के लिए पहुंचा। मामले की शिकायत किसान ने थाने में दर्ज करा दी है। बताया जा रहा है कि उरगा थानांतर्गत ग्राम बरपाली में शिवांश खत्री निवास करता है। उसने अपने खेतों में सिंचाई की समस्या न हो, इसके लिए बोरवेल्स लगवाया है, जिसमें विद्युत आपूर्ति के लिए खेत में ही ट्रांसफार्मर भी लगवाया था। जिस पर चोरों की नजर पड़ गई। मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात चोर मौके पर पहुंचे। चोरों ने विद्युत प्रवाहित तार को काटकर ट्रांसफार्मर से अलग कर दिया। इसके बाद खंभे से ट्रांसफार्मर को नीचे उतार उसके भीतर लगे कीमती पार्टस की चोरी कर ली। वे ट्रांसफार्मर के केबिनेट को मौके पर ही फेंककर फरार हो गए। प्रतिदिन की तरह सुबह किसान अपने खेत पहुंचा, जहां नजारा देख उसके होश उड़ गए। उसने घटना की जानकारी विद्युत विभाग के अलावा पुलिस को दे दी है। गौरतलब है कि उरगा थाना क्षेत्र में बीते कुछ समय से चोरी की घटनाओं में एकाएक वृद्धि हुई है। शातिर चोर कभी मकान को तो कभी खंभों में लगे तार की चोरी कर रहे हैं। चोरी कुछ बड़े मामले हैं, जो अभी भी अनसुलझी पहेली है। बहरहाल पुलिस ट्रांसफार्मर से पार्ट्स चोरी के मामले में आरोपियों की पतासाजी कर रही है।
![]()

