कोरबा। शहर के रामपुर क्षेत्र स्थित राजस्व कॉलोनी में एक 5 फीट लंबा नाग फन फैलाकर रास्ते के बीच बैठा मिला। घर के बाहर खड़ी महिलाओं की नजर पड़ने पर उन्होंने स्थानीय युवक को सूचना दी, जिन्होंने स्नैक कैचर जितेंद्र सारथी को बुलाया। सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीम कुछ ही मिनटों में राजस्व कॉलोनी पहुंच गई। टीम ने फन फैलाए बैठे नाग को सुरक्षित रेस्क्यू किया। इसके बाद सांप को उसके प्राकृतिक रहवास जंगल में छोड़ दिया गया, जिससे कॉलोनीवासियों ने राहत की सांस ली। जितेंद्र सारथी ने सांप के काटने की स्थिति में तत्काल पीड़ित को अस्पताल ले जाने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि कई बार लोग झाड़-फूंक के चक्कर में पड़कर कीमती समय गंवा देते हैं, जिससे पीड़ित की जान चली जाती है। समय पर इलाज मिलने से जान बचाई जा सकती है। इसे लेकर जन जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
![]()




























