कोरबा। जिला पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग ने शुक्रवार को जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों का निरीक्षण किया। वही निरीक्षण के दौरान आंगनबाड़ी भवन निर्माण, महतारी सदन, पीडीएस दुकान, मध्यान्ह भोजन तथा अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का सूक्ष्म परीक्षण किया। ग्राम पंचायत कोरबी एवं झिनपुरी में आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य गुणवत्ताहीन पाए जाने पर सीईओ श्री नाग ने गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एसडीओ आरईएस, संबंधित उप अभियंता, ग्राम सचिव एवं सरपंच को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। सीईओ श्री नाग ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता अनिवार्य है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मापदंड, स्वीकृत डिजाइन एवं प्राक्कलन के अनुरूप ही किए जाएं तथा 31 मार्च 2026 तक आंगनबाड़ी भवनों को बाला मॉडल के अनुसार पूर्ण किया जाए। ग्राम पंचायत कोरबी में महतारी सदन निर्माण कार्य में भी गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वही ग्राम पंचायत तानाखार में आंगनबाड़ी निर्माण स्थल पर उप अभियंता के अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। वही सीईओ ने ग्राम पंचायत तानाखार, गुरसिया, बंजारी, परला, केंदई, मोरगा, कोरबी एवं झिनपुरी का दौरा कर डीएमएफ एवं अभिसरण मद से के तहत आंगनबाड़ी निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया।निर्माण कार्यों में संतोषजनक प्रगति नहीं पाए जाने पर संबंधित उप अभियंता, निर्माण एजेंसी, सरपंच एवं सचिव के विरुद्ध कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत तानाखार में संचालित शासकीय स्कूल का भी निरीक्षण किया गया, जहां मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता एवं शिक्षकों की उपस्थिति का जायजा लिया गया। ग्राम पंचायत केंदई में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) दुकान का निरीक्षण कर ग्रामीणों से चर्चा की गई तथा प्रतिमाह समय पर राशन वितरण सुनिश्चित करने हेतु फूड ऑफिसर एवं फूड इंस्पेक्टर को आवश्यक निर्देश दिए गए। वही निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता आरईएस अशोक जोगी, जनपद पंचायत सीईओ जयप्रकाश डडसेना, एसडीओ आरईएस, मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी, उप अभियंता/तकनीकी सहायक तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव एवं रोजगार सहायक उपस्थित रहे।
![]()

