खड़ी ट्रक से जा भिड़ी यात्रियों से भरी बस खड़ी ट्रक, ठेका कर्मी की मौत, डेढ़ दर्जन यात्री हुए घायल, आधा दर्जन की हालत नाजुक

कोरबा। कटघोरा अंबिकापुर नेशनल हाइवे में हसदेव नदी पुल के ऊपर भीषण हादसा हुआ। खड़े ट्रक के पीछे यात्री बस जा टकराई। हादसे में सासाराम से कोरबा की ओर आ रहे डेढ़ दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। हादसे में दीपका के एक बुजुर्ग की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कई यात्री बस में ही फंसे हुए थे। पुलिस और डायल 112 की टीम ने घायल यात्रियों इलाज के लिए अस्पताल दाखिल करा दिया है।
घटना बुधवार गुरुवार की दरम्यानी रात करीब 12 से 1 बजे की है। बताया जा रहा है कि गुप्ता बस सर्विस की वाहन क्रमांक सीजी 15 डीएम 5271 का चालक सासाराम से यात्रियों को लेकर कोरबा आ रहा था। वह केंदई के समीप हसदेव पुल के ऊपर पहुंचा था। इसी दौरान कोहरे की वजह से चालक को सडक़ किनारे खड़े चावल लोड ट्रक दिखाई नहीं दिया। उसने तेज रफ्तार बस को ट्रक के पीछे घुसा दिया। ट्रक से भिड़ंत होते ही बस में बैठे यात्रियों में चीख पुकार मच गई। वे किसी तरह बस से निकलने का प्रयास करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंचे। वहीं डायल 112 का आरक्षक रामसिंह श्याम चालक नीरज पांडे के साथ घटनास्थल पहुच गए। पुलिस और डायल 112 की टीम ने बस में फंसे यात्रियों को भारी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घटना में 6 महिला और 8 पुरुष घायल हुए हैं। उन्हें डायल 112 और हाईवे एंबुलेंस के माध्यम से पोंडी उपरोड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में दाखिल कराया गया। जहां से कुछ यात्रियों की हालत गंभीर होने पर अन्यत्र रेफर किए जाने की बातें कहीं जा रही है। हादेस में दीपका शांतिनगर निवासी 63 वर्षीय जीवनलाल की मौत हो गई। बांगो थाना प्रभारी श्री वर्मा का कहना है कि हादसे में घायलों को अस्पताल दाखिल कराया गया है, उनसे नाम पता हासिल करने के बाद परिजनों को भी सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मृतक जीवनलाल की पत्नी बसंती बाई ने बताया कि वह अपने पति व नातिन के साथ रात 10 बजे अंबिकापुर से बस में सवार हुए थे। हादसा रात 12 से 1 बजे के बीच हुआ। बसंती बाई ने बताया कि मृतक जीवनलाल रोजी मजदूरी का काम करता था, जो पारिवारिक कार्य से अंबिकापुर गए हुए थे।हादसे के बाद जहां बस में सवार यात्रियों में चीख पुकार मची रही। वहीं गुप्ता बस सर्विस का चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। मामले में पुलिस द्वारा अपराध पंजीबद्ध की कार्यवाही की जा रही है।
![]()

