कोरबा। घर के आंगन में खेल रही मासूम सिगड़ी के समीप पहुंच गई। वह खेलते खेलते सिगड़ी में बन रहे दाल के बर्तन से टकरा गई, जिससे खौलता दाल उसके ऊपर गिर गया। घटना में गंभीर रूप से झुलसी मासूम को निजी चिकित्सालय के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में अस्पताल पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी की है। कोतवाली अंतर्गत सीतामढ़ी में शंकर सारथी निवास करता है। वह रोजी मजदूरी कर पत्नी आरती सारथी व दो बच्चों का पालन पोषण करता है। प्रतिदिन की तरह बुधवार की देर शाम काम कर घर लौटने के बाद शंकर अपने कमरे में था। उसकी पत्नी आंगन में सिगड़ी से दाल पका रही थी। वह थोड़ी देर के लिए कमरे के भीतर चली गई। इसी बीच दो वर्षीय बेटी खेलते खेलते सिगड़ी के करीब चली गई। वह अचानक सिगड़ी में रखे बर्तन से टकरा गई। जिससे बर्तन में खौल रहा दाल उसके ऊपर गिर गया। मासूम गर्म दाल से बुरी तरह झुलस गई। उसकी रोने की तेज आवाज सुनकर शंकर और उसकी पत्नी भागते हुए आंगन में पहुंचे। इस दौरान उनकी नजर मासूम पर पड़ी। उन्होंने बिना समय गंवाए मासूम को निहारिका स्थित निजी अस्पताल ले आया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में डॉक्टर लगातार उपचार में लगे रहे, इसके बावजूद मासूम की जान नही बचाई जा सकी। उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मेमों मिलने पर अस्पताल पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई पूरी की। तत्पश्चात मासूम के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
![]()

