कोरबा। जिला युवा कांग्रेस ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर शहर में देशी और अंग्रेजी शराब दुकानों को खुला रखने का विरोध किया। टीपी नगर और निहारिका स्थित अंग्रेजी शराब दुकानों के सामने युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन का पुतला दहन किया। युवा कांग्रेस के शहर अध्यक्ष राकेश पंकज ने कहा कि प्रदेश में पहली बार ऐसा हुआ है कि गांधी पुण्यतिथि के दिन शराब दुकानें खोली गईं। साल में 365 दिनों में केवल 7 दिन शराब दुकानें बंद रखने का प्रावधान है। इसमें भी भाजपा सरकार ने 30 जनवरी गांधी पुण्यतिथि, मोहर्रम और होली जैसे दिनों में बंद रखने वाले नियम को बदल दिया है। नए प्रावधान के अनुसार अब केवल 26 जनवरी गणतंत्र दिवस, 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस, 2 अक्टूबर गांधी जयंती और 16 दिसंबर गुरु घासीदास जयंती के दिन ही शराब दुकानें बंद रहेंगी। उन्होंने कहा कि मनरेगा से महात्मा गांधी का नाम हटाकर बीवीरामजी का नाम जोड़कर राष्ट्रपिता का अपमान किया गया है और अब उनकी पुण्यतिथि के दिन भी शराब दुकानों को खुला रखा जा रहा है। भाजपा महात्मा गांधी के विचारों का विरोध करती है। युवा कांग्रेस के साथ महिला कांग्रेस ने भी शासन के इस निर्णय को वापस लेने की मांग की। युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष विवेक श्रीवास ने कहा कि पहले की तरह प्रमुख त्योहार और जयंती पर शराब दुकानें बंद रखने का नियम यथावत रखा जाना चाहिए।
![]()




























