कोरबा। बांकी मोंगरा थाना के अंतर्गत ग्राम पंचायत तेलसरा में अवैध शराब के कारोबार को लेकर ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखने को मिल रहा है। लगातार बढ़ रही गतिविधियों से परेशान ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से जिलाधीश को ज्ञापन सौंपकर त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि गाँव के विभिन्न हिस्सों में खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है, जिससे सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि अवैध शराब के कारण युवाओं में नशे की लत बढ़ती जा रही है। इससे आए दिन विवाद, मारपीट और पारिवारिक कलह की घटनाएं सामने आ रही हैं। महिलाओं ने विशेष रूप से चिंता जताते हुए कहा कि शराबखोरी के कारण घरेलू हिंसा और आर्थिक संकट गहराता जा रहा है। कई परिवारों की आय का बड़ा हिस्सा नशे में खर्च हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी मौखिक शिकायतें की गई थीं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से अवैध कारोबार और बढ़ गया। ग्रामीणों ने जिलाधीश से गांव में नियमित गश्त, संदिग्ध ठिकानों पर छापामार कार्रवाई और दोषियों के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कदम उठाने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे व्यापक जनआंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
![]()

