Wednesday, February 11, 2026

छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में यात्री सुविधाओं का किया गया विस्तार

Must Read

छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस में यात्री सुविधाओं का किया गया विस्तार

कोरबा। यात्रियों की जरूरत और डिमांड के अनुरूप विभिन्न यात्री गाडिय़ों को कुछ चुनिंदा स्टेशनों में अस्थायी ठहराव की सुविधा प्रदान की गई थी। इनमें कोरबा से अमृतसर तक जाने वाली छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस भी शामिल है, जिसे ओबेदुल्ला गंज (ओडीजी) में ठहराव दिया जा रहा है। ठहराव की यह सुविधा इसी तरह दस जनवरी तक के लिए प्रदान की गई थी, पर यात्रियों को मिल रहे लाभ को ध्यान में रखते हुए इस स्टेशन में ट्रेन के रुकने की सुविधा को छह माह के लिए विस्तार दिया गया है। ओबेदुल्ला गंज स्टेशन में छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का ठहराव अब आठ जुलाई तक जारी रहेगा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से चलने वाली कुछ गाडिय़ों के ठहराव की सुविधा में विस्तार किया गया है। रेल यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन द्वारा पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा रेल मण्डल के चौमहला, विक्रमगढ़ आलोट व भोपाल रेल मण्डल के ओबेदुल्ला गंज रेलवे स्टेशनों में ठहराव की सुविधा दी गई थी। इन सभी गाडिय़ों का तीन रेलवे स्टेशनों में ठहराव की सुविधा में विस्तार किया गया है। इनमें कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 18327) का ठहराव, जो ओबेदुल्ला गंज स्टेशन में 10 जनवरी तक निर्धारित किया गया था, उसमें विस्तार कर अस्थायी तौर पर ही यह सुविधा 8 जुलाई तक जारी रखे जाने का निर्णय लिया गया है। छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस के अलावा इंदौर-सिवनी एक्सप्रेस भी ओबेदुल्ला गंज स्टेशन में जुलाई तक ठहरेगी। इसी तरह चौमहला में 4 फरवरी तक के लिए बिलासपुर-बीकानेर एक्सप्रेस को दोनों दिशाओं में ठहराव दिया गया था, जिसका विस्तार कर 2 अगस्त तक कर दिया गया है। विक्रमगढ़ आलोट में 26 फरवरी तक दी गई पूरी-जोधपुर एक्सप्रेस के ठहराव की सुविधा का भी विस्तार कर 24 अगस्त कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि कोरबा, चांपा, जांजगीर क्षेत्र के यात्रियों के लिए अमृतसर से कोरबा तक सीधी यात्रा सुविधा सुनिश्चित करने की भी पहल की जा रही है। इसके लिए अमृतसर-बिलासपुर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस का विस्तार कोरबा तक करने का निर्णय लिया गया है। इससे अमृतसर से कोरबा तक के यात्रियों को सीधी ट्रेन की सुविधा कोरबा तक मिलेगी। वर्तमान में यह ट्रेन बिलासपुर तक ही आती है। यह मांग भी लंबे समय से कोरबा के लोगों द्वारा की जा रही थी। इसी तरह चिरमिरी-मनेंद्रगढ़ क्षेत्र से दिल्ली, हावड़ा, मुंबई व अन्य दिशाओं में यात्रा सुगम बनाने अनूपपुर से कनेक्टिंग गाडिय़ों की पकड़ सुनिश्चित करने के लिए चिरमिरी-अनूपपुर रेल खंड में अतिरिक्त मेमू ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया। इससे अनूपपुर पहुंच आसान होगा। अन्य मार्ग में यात्रा करने के लिए कनेक्टिंग गाड़ी की सुविधा प्राप्त होगी और यात्रा आसान होगी।

Loading

Latest News

नकटीखार में अवैध शराब बनाकर की जा रही बिक्री, ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत कर की कार्रवाई की मांग

कोरबा।ग्राम नकटीखार के कई घरों में अवैध रूप से शराब बनाकर बेचने का काम धड़ल्ले से किया जा रहा...

More Articles Like This