जिले के 95 परीक्षा केंद्र में बोर्ड की परीक्षा हुई आयोजित
कोरबा। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की ओर से आयोजित होने वाली बोर्ड की परीक्षाएं शुक्रवार से शुरू हो गई। पहले दिन 12वीं की परीक्षा हुई। इसके लिए जिले में 95 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षार्थियों से समय पर उपस्थित होने के लिए कहा गया था। 12वीं की परीक्षा 1 मार्च को शुरू होकर 19 मार्च तक चलेगी। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक परीक्षाएं आयोजित हुई। इसके लिए जिला प्रशासन ने आवश्यक सभी तैयारियां पूरी कर ली थी। प्रश्नपत्रों के साथ-साथ उत्तर पुस्तिकाओं को केंद्राध्यक्षों को सौंपा जा चुका है। सुरक्षा की दृष्टि से गोपनीय सामाग्री को एक पेटी में बंद कर थानों के मालखानों में रखा गया। परीक्षा शुरू होने से कुछ घंटे पहले इन्हें बाहर निकाली गई और संबंधित केंद्रों तक पहुंचाया गई।
हालांकि कोरबा जिले में बोर्ड की परीक्षाएं ऐसे समय संपन्न होने जा रही है जब जिला शिक्षा अधिकारी को प्रदेश सरकार ने भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित कर दिया है। उनकी जगह कोई नए शिक्षा अधिकारी की पदस्थापना नहीं हुई। उनकी जगह कनिष्ठ अधिकारी को प्रभार सौंपा गया है। परीक्षा के संचालन का दायित्व कनिष्ठ अधिकारी के जिम्मे है। शिक्षा विभाग ने परीक्षा को लेकर स्कूलों के माध्यम से प्रवेश पत्र का वितरण कर दिया था। पहले दिन 1 मार्च को कक्षा 12वीं की भूगोल की परीक्षा संपन्न हुई, राजनीति शास्त्र, रसायन शास्त्र और व्यवसाय अध्ययन की परीक्षा 4 मार्च को, भौतिक शास्त्र और अर्थशास्त्र 7 मार्च को, इतिहास, जीवविज्ञान, गणित 9 मार्च को, हिन्दी एवं अंग्रेजी 11 मार्च को, अनिवार्य व्याकरण एवं साहित्य की परीक्षाएं 19 मार्च को होगी। इसी अवधि में अन्य विषयों की परीक्षा भी आयोजित की जाएंगी। 10वीं की परीक्षा 2 मार्च से शुरू हो रही है। पहले दिन गणित विषय की परीक्षा होगी। विज्ञान 6 मार्च को, सामाजिक विज्ञान 9 मार्च को, व्यवसायिक, संस्कृत 12 मार्च को, हिन्दी और अंग्रेजी की परीक्षा 21 मार्च को होगी। शिक्षा विभाग की ओर से बताया गया है कि 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में कोरबा जिले के 24हजार 833 विद्यार्थियों को प्रवेश पत्र जारी किये गए हैं। सभी विद्यार्थियों के परीक्षा में बैठने की संभावना है। इसमें 10वीं के 14 हजार 260 एवं 12वीं के 10 हजार 564 विद्यार्थी शामिल हैं। विद्यार्थियों को परीक्षा शुरू होने से पूर्व केंद्र पर उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
बॉक्स
नकल रोकने उडऩदस्ता दल गठित
प्रशासन ने परीक्षा में नकल न हो इसकी रोकथाम के लिए उडऩदस्ता दल का गठन किया है। अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर निगरानी दल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। उम्मीद है कि इस बार 10वीं और 12वीं बोर्ड की परीक्षाओं का परिणाम पहले से बेहतर होगा। विद्यार्थी अपनी तैयारी के अनुसार पर्चा का हल कर सकेंगे।
![]()

