डबल इंजन की सरकार में भी ट्रेनों की लेटलतीफी नहीं सुधरी, देरी से पहुंची लिंक व शिवनाथ, यात्री हुए परेशान
कोरबा। प्रदेश में डबल इंजन की सरकार के बाद भी रेल यात्री सुविधा बेपटरी है। लोगों को उम्मीद थी कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद ट्रेनों की रफ्तार सुधर जाएगी पर ऐसा हुआ नहीं है। ट्रेनों की लेटलतीफी पर लगाम नहीं लग रही है। शुक्रवार को शिवनाथ एक्सप्रेस व लिंक एक्सप्रेस दो घंटे से अधिक देरी से कोरबा रेलवे स्टेशन पहुंची। वहीं शाम वाली मेमू लोकल रात 10 बजे कोरबा नहीं पहुंची थी। इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। गौरलतब है कि शिवनाथ एक्सप्रेस का कोरबा पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 8.55 बजे है। लिंक एक्सप्रेस को कोरबा स्टेशन आने का तय समय सुबह 11.15 बजे है। इसके अलावा बिलासपुर से 6.40 में छूटने वाली मेमू लोकल का कोरबा आने का समय रात 8.50 बजे है। रात लगभग 10 बजे तक भी कोरबा नहीं पहुंची थी। जिसकी वजह से यात्री परेशान हुए।
बॉक्स
बिना सूचना दिए ट्रेनों को रद्द पर सांसद ने की आलोचना
सांसद ज्योत्सना महंत ने रेलवे पर बिना सूचना दिए 10 से 12 ट्रेनों को रद्द करने का आरोप लगाते हुए आलोचना की है। कहा है कि जिस तरह से रेलवे द्वारा ट्रेनों को बिना किसी पूर्व सूचना के एकाएक कैंसल कर दिया जाता है, उससे यात्रियों को परेशानी होती है। कई बार टिकट कटा लेते हैं फिर पता चलता है कि ट्रेन रद्द हो गई है। सांसद ने कहा है कि इस समस्या को लेकर रेल मंत्री से मिलेंगी और आपत्ति दर्ज कराएंगी। सांसद ने दावा है कि उनके प्रयास और रेल संघर्ष समिति के प्रयास से छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस को रेलवे ने कोरबा तक चलाने का निर्णय लिया है। यह एक्सप्रेस कोरबा तक जल्द प्रारंभ होनी चाहिए। कोरबा-रायगढ़ के मध्य चलने वाली ट्रेन जल्द प्रारंभ होगी।
![]()

