कोरबा। दर्रीखार में शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण पर संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। नोटिस के बाद भी कब्जा खाली नहीं करने वाले अतिक्रमणकारियों के अवैध कब्जे को ढहाया गया है। नगर निगम, राजस्व अमला और पुलिस बल संयुक्त कार्रवाई में व्यापक पैमाने पर अवैध कब्जा हटाया गया है। कार्रवाई के दौरान बस्तीवासियों का विरोध भी देखने को मिला। विरोध को दरकिनार करते हुए प्रशासन का बुलडोजर अतिक्रमण पर चला है। बताया जाता है कि दर्रीखार में व्यापक पैमाने पर कुछ लोगों ने शासकीय जमीन पर बेजा कब्जा कर फार्म हाउस सहित अन्य निर्माण कार्य कर लिया है। जिसकी शिकायत भी की गई थी। शिकायत पर प्रशासन ने संज्ञान लिया। राजस्व अभिलेखों की जांच कराई गई। जांच में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण करना पाया गया। जिसे लेकर संबंधितों को बेजा कब्जा हटाने प्रशासन ने नोटिस जारी किया। 15 फरवरी तक बेजा कब्जा हटाने नोटिस दिए जाने के बाद भी लोगों ने कब्जा खाली नहीं किया। जिसे लेकर पुन: प्रशासन ने बेजा कब्जा हटाने अंतिम चेतावनी थी। इसके बाद भी बेजा कब्जा नहीं हटाया गया, तो नगर निगम और राजस्व अमला की टीम बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ दर्रीखार पहुंची, जहां प्रशासन ने पोकलेन और बुलडोजर की मदद से कई निर्माणाधीन और पक्के ढांचों को ढहाए जाने की कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कुछ लोगों का विरोध भी सामने आया। उन्होंने कार्रवाई पर भेदभाव का आरोप लगाया। प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने उन्हें समझाइश दी। बताया जा रहा है कि 135 बेजा कब्जाधारियों को नोटिस थमाया गया है। वहीं 45 बेजा कब्जा पर कार्रवाई करते हुए निर्माण को तोड़ा गया है। अधिकारियों की मानें तो अन्य बेजा कब्जा को भी हटाने की कार्रवाई होगी। हालांकि कार्रवाई के दौरान दर्रीखार में तनाव की स्थिति बनी रही। बड़ी संख्या में तैनात पुलिस की टीम ने मोर्चा संभाले रखा।
![]()

