Sunday, February 15, 2026

नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम और प्रधानमंत्री आवास पर फोकस, साकेत में बदले गए अफसर

Must Read

नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम और प्रधानमंत्री आवास पर फोकस, साकेत में बदले गए अफसर

कोरबा। प्रदेश में विष्णुदेव साय की सरकार और कोरबा शहर में मंत्री लखन के काबिज होते ही मोदी की गारंटी को तेज करने की कवायद शुरू हो गई है। पहला कदम बढ़ाते हुए नगर निगम की आयुक्त प्रतिष्ठा ममगाई ने बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की है। उन्होंने नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम और प्रधानमंत्री आवास पर पहला फोकस किया है। साथ ही भवन निर्माण और अनुमति शाखा में कसावट की जुगत भी की है। इसके लिए निगम के इंजीनियरिंग डिपार्टमेंट के वरिष्ठ अधिकारियों की पोस्टिंग बदलने के साथ नई जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं। आयुक्त की इस सर्जरी के बाद पहले से ही सिटी बस और जेनरिक मेडिसिन देख रहे कार्यपालन अभियंता अरुण शर्मा अब उद्यान भी देखेंगे। इसी तरह कार्यपालन अभियंता एमएन सरकार को बालकोनगर से शहर बुला लिया गया और कोसाबाड़ी जोन की कमान दी गई है। इसी तरह प्रभारी कार्यपालन अभियंता प्रकाश चंद्रा को रविशंकर जोन के साथ भवन निर्माण व अनुमति की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी थमाई गई है। प्रशासनिक दृष्टिकोण से नगर निगम के अधिकारियों की जिम्मेदारियों और कार्यस्थल में बदलाव किया गया है। किसी का जोन परिवर्तन किया गया है तो कुछ को वर्तमान कर्तव्यों के साथ नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। निगम आयुक्त श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाई की इस प्रशासनिक सर्जरी में कार्यपालन अभियंता से लेकर उप अभियंता लेवल के कुल 14 अधिकारियों के नाम शामिल हैं। इनमें कार्यपालन अभियंता एके शर्मा को पूर्व से आवंटित कार्यों के साथ उद्यान शाखा का प्रभार भी जोड़ा गया है। इसके अतिरिक्त उनके पास पहले से ही दरीं जोन एवं योजना, श्री धनवंतरी जेनेरिक मेडिकल स्टोर योजना, दाई दीदी मोबाईल क्लीनिक योजना, मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना, सिटी बस की जिम्मेदारी है। इसी तरह बालको जोन प्रभारी रहे एमएन सरकार को शहर बुलाकर कोसाबाड़ी की कमान सौंपी गई है। बाकी मोंगरा जोन संभाल रहे प्रभारी कार्यपालन अभियंता तपन योगी तिवारी को सर्वमंगला जोन की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह प्रभारी कार्यपालन अभियंता प्रकाश चंद्रा अब पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन के जोन प्रभारी होने के साथ भवन निर्माण और अनुमति शाखा की भी जिम्मेदारी देखेंगे। नव निर्माण और अधोसंरचनाओं के विकास के साथ केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए यह परिवर्तन किए जाने की बात कही जा रही है।
बॉक्स
राहुल मिश्रा एनसीएपी भी देखेंगे
तबादले की इस लिस्ट में शामिल प्रभारी कार्यपालन अभियंता एनके नाथ को सर्वमंगला नगर से हटाकर सर्वमंगला से बालको जोन भेज दिए गए हैं। जिम्मेदारी परिवर्तन से प्रभावित अन्य अधिकारियों में भवन निर्माण अनुमति व नियमितीकरण देख रहे सहायक अभियंता व्हीके रिछारिया को सर्वमंगला नगर जोन, प्रभारी सहायक अभियंता विपिन मिश्रा को भंडार व उद्यान के साथ वाहन शाखा, कोसाबाडी जोन व वाहन शाखा देख रहे प्रभारी सहायक अभियंता लीलाधर पटेल अब कोसाबाड़ी के साथ प्रधामंत्री आवास योजना संभालेंगे। इसी तरह जलप्रदाय व 14वां-15वां वित्त देख रहे प्रभारी सहायक अभियंता राहुल मिश्रा एनसीएपी भी देखेंगे। शेष उप अभियंताओं में रमेश सूर्यवंशी, सोमनाथ डेहरे, आकाश अग्रवाल, अनिल राम शामिल हैं। दर्री जोन से उप अभियंता श्रीमती किरण साहू को पंडित रविशंकर शुक्ल नगर जोन भेज दिया गया है और साथ में उन्हें भवन निर्माण अनुमति व नियमितीकरण के कार्य भी सौंपे गए हैं।

Loading

Latest News

पाली महोत्सव 15 से 16 फरवरी 2026 तक, भक्ति, संस्कृति और संगीत का होगा महाकुंभ

कोरबा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत केराझरिया स्थित पाली महोत्सव मैदान में 15 एवं 16 फरवरी को...

More Articles Like This