कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाइवे में सड़क हादसे का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। एक बार फिर चावल लोड ट्रक व सब्जी से भरे पिकअप के बीच भिड़ंत हो गई। हादसे में ट्रक के चालक व परिचालक की मौत हो गई, जबकि पिकअप चालक सुरक्षित बच निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने भारी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे मृतकों के शव को बाहर निकाला। इसके साथ ही जेसीबी की मदद से वाहनों को सड़क से हटा यातायात व्यवस्था को बहाल करने में सफलता पाई।
घटना शुक्रवार की देर शाम घटित हुई। बताया जा रहा है कि चालक बिहार से ट्रक क्रमांक जेएच 10 बीडब्ल्यू 9055 में चावल लोड कर रायपुर जा रहा था। वह मोरगा पुलिस चौकी अन्तर्गत केंदई हसदेव पुल के समीप पहुंचा था। इसी दौरान बिलासपुर से अंबिकापुर की ओर जा रहे सब्जी लोड पिकअप क्रमांक एमपी 18 जीए 2034 से ट्रक की भिड़ंत हो गई। हादसे की भीषणता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोनों ही वाहन के परखच्चे उड़ गए। घटना में ट्रक के चालक व परिचालक की मौत हो गई। जबकि पिकअप का चालक मामूली रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मोरगा पुलिस चौकी प्रभारी मंगतु राम मरकाम अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, पुलिस ने घायल पिकअप चालक दीपक कुमार कुर्रे को ईलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। इसके साथ ही केबिन में फंसे चालक परिचालक के शव को मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। पुलिस ने मृतकों की पहचान कार्रवाई शुरू की। इस दौरान ट्रक चालक की पहचान विनोद यादव के रूप में हुई। जबकि परिचालक की पहचान नहीं हो सकी है। इस बीच नेशनल हाइवे में वाहनों की लंबी कतार लग चुकी थी। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहना को जेसीबी की मदद से हटाते हुए आवागमन को बहाल कर दिया है। मामले में पुलिस मृत परिचालक की शिनाख्ती का प्रयास कर रही है।
![]()

