कोरबा। महेशपुर में उस समय अफरा तफरी मच गई, जब खेत में रखे खरही से धुएं के साथ आग की लपटें निकलने लगी। इस आग ने देखते ही देखते आसपास रखे अन्य किसानों के खेत की खरही को भी चपेट में ले लिया। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया, तब कहीं जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। हालांकि घटना में चार किसानों को भारी नुकसान हुआ है। घटना शुक्रवार की सुबह घटित हुई। बताया जा रहा है कि कटघोरा थानांतर्गत ग्राम महेशपुर के किसानों ने अपनी फसल की कटाई कर खेतों में रखा हुआ है। प्रतिदिन की तरह ग्रामीण खेत की ओर गए हुए थे। इसी दौरान उनकी नजर एक खेत में रखे खरही से निकल रहे धुएं और आग पर गई। वे कुछ कर पाते, इससे पहले ही आग ने भीषण रूप ले लिया। यह आग तेजी से फैलते हुए आसपास के खेतों तक जा पहुंची। जिससे खेतों मे रखे खरही धू धू कर जलने लगे। यह खबर देखते ही देखते पूरे गांव मे फैल गई। ग्रामीण मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने आग को बुझाने का प्रयास करते हुए नगर पालिका परिषद के दमकल विभाग को सूचना दी। खरही में आग लगने की खबर मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने भारी मशक्कत के बाद काबू पर काबू पाया, तब तक खेतों में रखे खरही जलकर खाक हो चुके थे। बताया जा रहा है कि घटना में वार्ड क्रमांक 7 के पार्षद जयनारायण कंवर सहित चार किसानों को नुकसान हुआ है। हालांकि खरही में आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं है।
![]()

