बिजली कर्मचारी संघ-महासंघ की पॉवर कंपनी के चेयरमैन के साथ हुई बैठक, संविदा नियमितिकरण, पुरानी पेंशन बहाली, तकनीकी भत्ता पर हुई सकारात्मक चर्चा
कोरबा। भारतीय मजदूर संघ से सम्बद्ध छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ-महासंघ के पदाधिकारियों की प्रबंधन के आमंत्रण पर पॉवर कंपनी अध्यक्ष रोहित यादव के साथ बैठक हुई। जिसमें पुरानी पेंशन बहाली के लिए शासन से जारी सहमति पत्र पर अध्यक्ष का ध्यान आकृष्ट करते हुए इसे कंपनी में लागू करने पर तथ्य रखे गए। साथ ही संविदा कर्मियों के नियमितिकरण पर महासंघ ने पूर्व में तीन बार संविदा परिचारक एवं कार्यालय सहायकों को नियमित किए जाने पर कोई कानूनी बाध्यता उत्पन्न नहीं होने तथा पिछले 8 सालों से संविदा कर्मियों के सहारे विद्युत् व्यवस्था का भार उठाने वाले सैकड़ों की संख्या में घातक अघातक दुर्घटना का शिकार होने की ओर आकृष्ट किया। जिस पर अध्यक्ष ने पूरी संवेदनशीलता के साथ इस पर शीघ्र निर्णय लेने हेतु आश्वस्त किया। साथ ही तकनीकी भत्ता स्टेगनशन अलाउंस और चतुर्थ उच्च्वेतनमान, वितरण एवं ट्रांसमिशन कंपनी की केंद्रीकृत वरिष्ठता सूची में गड़बड़ी में सुधार एवं पदोन्नति नीति तत्काल घोषित करने पर भी चर्चा हुई।अन्य विषयों पर विस्तृत चर्चा हेतु आगामी समय में फिर से द्विपक्षीय वार्ता हेतु समय प्रदान किए जाने की बात महासंघ द्वारा कही गई। वार्ता में महासंघ की ओर से अखिल भारतीय विद्युत मजदूर महासंघ के सदस्य अरुण कुमार देवांगन, छत्तीसगढ़ बिजली कर्मचारी संघ के प्रांतीय अध्यक्ष बी एस राजपूत, महामंत्री नवरतन बरेठ शामिल हुए।
![]()




























