कोरबा। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय से संबंधित जिले के शासकीय व निजी महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण समय शुरू होने जा रहा है। आगामी 9 मार्च से स्नातक और स्नातकोत्तर कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाएं प्रारंभ होंगी। संबंधित सभी संकायों के समय सारणी पहले से महाविद्याालयीन छात्र-छात्राओं को पहले ही दे दी गई है। सूचना वेबसाइट में अपलोड भी की जा चुकी है। परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय और महाविद्यालय प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। परीक्षा के दौरान व्यवस्था बनाए रखने तथा निष्पक्ष माहौल में परीक्षा संपन्न कराने के लिए व्यापक स्तर पर इंतजाम किए गए हैं। जिले के विभिन्न महाविद्यालयों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस वर्ष परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा केंद्रों में बैठने की समुचित व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं। महाविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि विद्यार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पहले से ही सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर ली गई है। परीक्षा केंद्रों में विद्यार्थियों को रोल नंबर के अनुसार बैठाया जाएगा, जिससे परीक्षा प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संचालित हो सके। परीक्षा कक्षों में अनुशासन बनाए रखने के लिए पर्यवेक्षकों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही केंद्राध्यक्षों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। परीक्षार्थियों को एडमिट कार्ड भी जारी कर दिए गए हैं। परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह के साथ-साथ हल्की चिंता भी देखने को मिल रही है। पिछले कई दिनों से विद्यार्थी परीक्षा की तैयारी में जुटे हुए हैं।पुस्तकालयों और अध्ययन कक्षों में भी विद्यार्थियों की संख्या बढ़ गई है। महाविद्यालय प्रबंधन का कहना है कि परीक्षाएं पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाएंगी। इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे दिए गए हैं।
![]()

