मानसून के साथ खिला पुटका पहाड़ का सौंदर्य, प्रकृति और आध्यात्मिकता का है अनूठा संगम
कोरबा। प्रकृति और आध्यात्मिकता का जब मिलन होता है, तो एक ऐसा स्थान जन्म लेता है जो न सिर्फ आँखों को सुकून देता है बल्कि आत्मा को भी छू जाता है। कोरबा जिले का पुटका पहाड़ ऐसा ही एक दुर्लभ गंतव्य है जहाँ मानसून के साथ सौंदर्य खिल उठता है और हर कदम पर श्रद्धा की कहानी बिखरी मिलती है। जिला मुख्यालय से 17 किलोमीटर दूर दूधिटांगर गाँव के आगे स्थित यह स्थल अब तक भीड़भाड़ से अछूता है। पुटका पहाड़ तक पहुँचने का रास्ता कच्चा है, जो रोमांच के शौकीनों को खासा लुभाता है। बरसात में यही रास्ता चुनौती भी बन जाता है, लेकिन प्रकृति से प्रेम करने वालों के लिए यह अनुभव अनमोल है। मानसून के दौरान पुटका पहाड़ हरे रंग की चादर ओढ़ लेता है. कोहरे की परतों में लिपटे पहाड़, दूर तक फैली घाटियाँ और सतरेंगा जलाशय का विहंगम दृश्य इसे किसी फिल्मी दृश्य जैसा बना देता है। क्षेत्र में हिरण, खरगोश और जंगली सूअर जैसे वन्यजीव दिख जाते हैं, जबकि हवा में जड़ी-बूटियों की महक इस स्थल को और विशेष बनाती है।
बॉक्स -5
कॉफी पॉइंट करा रहा हिल स्टेशन का एहसास
मानसून की पहली फुहारों के साथ ही छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में स्थित प्रसिद्ध टूरिस्ट स्पॉट कॉफी पॉइंट सैलानियों से गुलजार हो गया है। ऊँचे पहाड़ों और हरी-भरी वादियों से घिरा यह स्थान लोगों को हिमाचल के प्रसिद्ध हिल स्टेशनों, शिमला और मनाली का एहसास करा रहा है, जहाँ प्रकृति अपने पूरे शबाब पर है। शहर की भागदौड़ से दूर, सुकून के कुछ पल बिताने के लिए यह जगह स्थानीय लोगों और पर्यटकों की पहली पसंद बन गई है।यह खूबसूरत पर्यटन स्थल कोरबा जिला मुख्यालय से महज 15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।कोरबा से बालको होते हुए जैसे ही वन विभाग का चेकपोस्ट पार कर लेमरू की ओर बढ़ते हैं, रास्ता किसी घने वर्षा वन मे सफर का एहसास कराता है। घुमावदार सडक़ों और दोनों ओर घने पेड़ों के बीच से गुजरना ऐसा एहसास कराता है मानो हम किसी प्रसिद्ध हिल स्टेशन की यात्रा पर निकले हों। मानसून के दौरान यह रास्ता और भी मनमोहक हो जाता है, जब पेड़ों की पत्तियां धुली हुई और हरी-भरी नजर आती हैं। कॉफी पॉइंट की सबसे बड़ी खासियत इसकी ऊंचाई से दिखने वाला मनोरम नजारा है। जब हल्की-हल्की बारिश की बूंदें गिरती हैं और घने बादलों के बीच से सूरज की किरणें छनकर आती हैं, तो यहां से कोरबा शहर का दृश्य किसी जन्नत से कम नहीं लगता। यह अद्भुत आनंद और शांति का एहसास कराता है। ऊंचाई पर पहुंचने के बाद आप खुद को चारों ओर हरियाली से घिरा हुआ पाते हैं, जो मन को तरोताजा कर देता है। हरे-भरे पहाड़ों को छूते हुए सफेद बादल एक जादुई समां बांध देते हैं, जिसे पर्यटक अपने कैमरों में कैद करने से नहीं चूकते।