रामनवमी, ईद व होली पर आचार संहिता का रहेगा साया, संपत्ति विरूपण की चल रही है कार्रवाई
कोरबा। लोकसभा चुनाव के तारीख का ऐलान होते ही आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गया है। जिले में 7 मई को मतदान होगा। साथ ही 4 जून को मतगणना होगी। आचार संहिता लगते ही जिला प्रशासन और पुलिस फुल फार्म में आ गई है। आचार संहिता लगते ही कर्मचारियों को बैनर-पोस्टर हटाने के निर्देश दे दिए हैं। इसके बाद कर्मचारी बैनर-पोस्टर को हटाने में लगे हैं। शहर से बैनर पोस्टर हटते ही अब स्वरूप पूरा बदल गया है। साथ ही जिले में अब धारा 144 भी लागू हो गई। जिसका कड़ाई से पालन किया जाएगा। इस बार रामनवमी व होली जैसे त्यौहार प्रतिबंधों के बीच मनेंगे।
प्रदेश में 2024 के लोकसभा चुनाव की घोषणा चुनाव आयोग ने अन्य राज्यों के साथ छत्तीसगढ़ में भी विधानसभा चुनाव की घोषणा करते हुए चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया। जैसे ही लोकसभा चुनाव की घोषणा हुई वैसे ही जिले का जिला प्रशासन आचार संहिता का पालन करवाने के लिए सक्रिय हो गया है। शहर सहित गांव तक ताबड़तोड़ बैनर-पोस्टर को हटाया जा रहा है। इस बार होने वाले लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने के पहले से ही प्रशासन ने चौक, चौराहा, शासकीय कार्यालय व बिजली पोलों पर लगे राजनेताओं के फ्लैक्स बोर्ड और योजनाओं के बोर्ड को उतारने का काम शुरू कर दिया है। 7 मई को जिले में मतदान होगा एवं 4 जून को मतगणना होगी। जिसकी सूचना मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हो गया और आचार संहिता लगने के पहले ही उन्होंने जमीनी स्तर पर काम करना शुरू कर दिया है।
जाने कब क्या
निर्वाचन की अधिसूचना का प्रकाशन- 12 अप्रैल
नाम निर्देशन की अंतिम तिथि 19 अप्रैल
संवीक्षा की तिथि 20 अप्रैल
नाम वापसी की तिथि 22 अप्रैल
मतदान की तिथि 7 मई
मतगणना की तिथि 4 जून
![]()

