कोरबा। पुलिस ने लूट, चोरी, नकबजनी व ठगी जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने कवायद तेज कर दी है। इसके लिए न सिर्फ जन जागरूकता अभियान चलाया जा रहा, बल्कि बैठक लेकर समझाइश भी दिए जा रहे हैं। इसी कड़ी में सराफा कारोबारी, गोल्ड लोन व पेट्रोल पंप संचालकों को बैठक लेकर दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। जिला पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने अपराधों पर नियंत्रण व अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने दिशा निर्देश जारी किया है। उनके निर्देश एएसपी लखन पटले व नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में तमाम थाना चौकियों में बैठक का दौरा शुरू हो गया है। जिले के विभिन्न थाना चौकियों में सराफा कारोबारिया के अलावा गोल्ड लोन व पेट्रोल पंप संचालकों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में सुरक्षा मानकों को दुरूस्त रखने के निर्देश दिए गए। सुरक्षा मानकों की अनदेखी अथवा नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर संबंधित संचालक के विरूद्ध विधि सम्मत कार्रवाई करने की बात कही गई। बैठक में मौजूद व्यवसायी व संचालकों ने भी पुलिस प्रशासन को हर संभव सहयोग करने का आश्वासन दिया है। इसके साथ ही पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि शांति, सुरक्षा व कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे।
यह है जरूरी निर्देश
पुलिस ने सराफा कारोबारियों को गुणवत्तायुक्त सीसीटीवी लगाने, कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन कराने, संदिग्ध लेनदेन की सूचना तथा खरीदी-बिक्री का विवरण संधारित करने का निर्देश दिया है। इसी तरह गोल्ड लोन संचालकों को ग्राहक के पहचान पत्र का सत्यापन कराने आभूषणों की तस्वीर व विवरण रखने, संदिग्ध होने पर सूचना देने तथा अलार्म सिस्टम व सीसीटीवी व्यवस्था के निर्देश जारी किए हैं।
![]()

