कोरबा। बिजली उपभोक्ताओं को मीटर संबंधी समस्याओं तथा बिलिंग में होने वाली गलतियों से छुटकारा मिल जाएगा। पहले ऐसी समस्याओं में मीटर टेस्टिंग के लिए भिलाई की दौड़ लगानी पड़ती थी। समस्या समाधान में समय लग जाता था। इससे विभागीय अधिकारी कर्मचारियों को उपभोक्ताओं के आक्रोश का सामना करना पड़ता था। बिलासपुर में अत्याधुनिक मीटर टेस्टिंग लैब प्रारंभ होने से अब इस तरह की स्थिति नहीं बनेगी।
छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं की सुविधाओं में वृद्धि करते हुए बिलासपुर में मीटर टेस्टिंग लैब की शुरुवात कर दी गई है। अब उपभोक्ताओं को मीटर संबंधी समस्याओं तथा बिलिंग में होने वाली गलतियों का सामना नही करना पडेगा। क्षेत्र में लंबे समय से इस लैब की मांग की जा रही थी, जिसे पॉवर कंपनी द्वारा तिफरा स्थित कार्यालय परिसर में स्थापित किया गया है, जिसे विधिवत् रूप से प्रारंभ कर दिया गया है। वर्तमान में क्षेत्र के उपभोक्ताओं द्वारा गलत बिलिंग तथा मीटर खराब होने संबंधी समस्याओं से विभाग को अवगत कराने पर मीटर जांच के लिए छत्तीसगढ में स्थापित एकमात्र मीटर टेस्टिंग लैब भिलाई को भेजा जाता था। जिससे अत्याधिक समय लगता था, परंतु अब इस लैब के प्रारंभ होने से पूरी जांच यही पर की सकेगी। जिसके कारण उपभोक्ताओं तथा विभागीय अधिकारी, कर्मचारियों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। पूर्व में जांच प्रक्रिया के कारण अधिक समय लगने के पर उपभोक्ताओं में असंतोष तथा वाद-विवाद की स्थिति निर्मित होती थी। अब इस लैब के प्रारंभ होने से बिलासपुर रीजन के मुंगेली, कोरबा, जीपीएम व बिलासपुर और रायगढ रीजन के जांजगीर, रायगढ, सक्ती तथा अम्बिकापुर क्षेत्र के सरगुजा, कोरिया, सुरजपुर, बलरामपुर-रामानुजगंज, मनेन्द्रगढ-चिरमिरी-भरतपुर तथा जशपुर जिले के विद्युत उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा। अब उपभोक्ता स्वयं उपस्थित होकर मीटर की जांच करा सकता है। शुभारंभ अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता डीके भोजक, अधीक्षण अभियंता सुरेश जांगडे, पीआर साहू, आरके झा, वीके तिवारी, डीपी बारवा, कार्यपालन अभियंता एसटीएम सैय्यद मुख्तार, मिलिंद पाण्डेय, रुपेन्द्र साहू, अनिल सैनी तथा बडी संख्या में विभागीय अधिकारी कर्मचारीगण उपस्थित रहे। बिलासपुर क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक एके अम्बस्ट ने बताया कि बिलासपुर में लगभग 2 करोड की लागत से स्थापित सीटीएल (सेन्ट्रल टेस्टिंग लैब) में पुराने और नए स्मार्ट मीटर की जांच की जाएगी। साथ ही लैब में आटोमेटिक टेम्पर मशीन के माध्यम से 84 प्रकार की टेम्परिंग को भी जांचा जाएगा। लैब के प्रारंभ होने सेे क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं को सही रीडिंग, सही बिलिंग तथा कम समय में अधिक पारदर्शिता के साथ अन्य सुविधाओं का लाभ मिलना प्रारंभ हो जाएगा।
![]()

