कोरबा। शराब पार्टी मनाने के शौक से तीन दोस्त को सीखचों के पीछे पहुंचा दिया। दरअसल तीनों ने शराब खरीदने के लिए रूपए नही होने पर घर के सामने खड़ी एक्टिवा को ही पार कर दिया। वे चोरी की एक्टिवा को खपा पाते, इससे पहले ही पुलिस ने तीनों को एक्टिवा में घूमते हुए दबोच लिया।
मामला मानिकपुर पुलिस चौकी अंतर्गत पोखरी पारा गायत्री नगर बस्ती की है। यहां पंचराम यादव परिवार सहित निवास करता है। वह अपने एक्टिवा में किसी काम से टीपी नगर आया था, जहां से दोपहर में घर लौटा। वह एक्टिवा को घर के बाहर खड़ी कर खाना खाने चला गया। थोड़ी देर बाद घर से बाहर निकला, तो एक्टिवा गायब मिली। पंचराम ने अपने स्तर पर खोजबीन करने के बाद पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज करा दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस चौकी प्रभारी परमेश्वर राठौर ने अपनी टीम के साथ आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी। इसी दौरान चौकी प्रभारी श्री राठौर को सूचना मिली कि पोखरी पारा के ही तीन युवक चोरी की एक्टिवा में घूम रहे हैं। वे एक्टिवा को खपाने ग्राहक की तलाश कर रहे हैं। मुखबीर की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने तीनों युवक को एक्टिवा में घूमते दबोच लिया। पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम पोखरी पारा निवासी सूरज यादव, सुरेंद्र दास व वीरेंद्र दास बताया। इनमें दो सगे भाई निकले। पूछताछ के दौरान पता चला कि तीनों ने शराब पार्टी मनाने की योजना बनाई थी, लेकिन रूपए नही होने के कारण पार्टी मनाने की योजना धरी की धरी रह गई थी। उन्होंने पार्टी मनाने एक्टिवा को ही पार कर दिया। बहरहाल पुलिस ने चोरी गई एक्टिवा को जप्त करते हुए वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।
![]()

