कोरबा। बीएमएस की बुधवार को आईटीआई तानसेन चौक पर श्रमिकों के केन्द्रीय व राज्य स्तर के मुद्दे पर आमसभा हुई। दोपहर लगभग 3 बजे से आमसभा में संगठन के पदाधिकारियों ने श्रमिकों को संबोधित किया। इसके बाद कलेक्टोरेट तक रैली निकाली और कोरबा तहसीलदार तुलाराम भारद्वाज को मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के नाम अलग-अलग ज्ञापन सौंपा।
तीन दिवसीय अधिवेशन में निर्णयानुसार बीएमएस संगठन ने जिले में आम सभा का आयोजन कर धरना दिया। बीएमएस नेता राधेश्याम जायसवाल, सुरेन्द्र राठौर, टिकेश्वर सिंह राठौर, देवेन्द्र द्विवेदी, महेन्द्र ठाकुर, सुरेश साहू समेत अन्य ने संबोधित किया। आमसभा को बिजली कर्मचारी संघ-महासंघ, सेवानिवृत्त विद्युत कर्मचारी संगठन, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के संगठन का समर्थन मिला। प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में संविदा कर्मियों के नियमितीकरण और ठेका कर्मियों के सामाजिक सुरक्षा की मांग की गई। इसी तरह योजना कर्मी के रूप में सेवाएं दे रहे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं व सहायिकाओं के लंबित मांगों पर भी ध्यान आकृष्ठ कराया है। देश के प्रधानमंत्री व केन्द्रीय श्रम व रोजगार मंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन में लेबर कोड बिल की दो संहिता औद्योगिक संबंध संहिता 2020 व व्यवसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य व कार्य परिस्थितियां संहिता 2020 में श्रमिकों की चिंताओं के समाधान समेत 9 सूत्रीय मांग की है। आमसभा व रैली में बीएमएस को समर्थन दे रहे विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों में रंजय सिंह, संजय सिंह, अमिया मिश्रा, सीता कंवर, चंपा कंवर समेत अन्य बड़ी संख्या में शामिल हुए।
![]()

