सावन के दूसरे सोमवार शिवभक्ति में डूबी ऊर्जाधानी, कनकेश्वर धाम में जलाभिषेक करने उमड़े श्रद्धालु,कांवर और पदयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने लगाए बोल-बम के जयकारे
कोरबा। भगवान शिव का सबसे प्रिय माह सावन में भक्तों की ओर से विशेष पूजा-अनुष्ठान किए जा रहे हैं। इस बार भक्तों को भगवान शिव की आराधना के लिए 4 सोमवार की जलाभिषेक और पूजा-अनुष्ठान की तैयारी की गई है। इसे लेकर प्रत्येक सोमवार को कनकेश्वर धाम, पाली शिव मंदिर से लेकर सर्वमंगला मंदिर सहित सभी शिवलायों में भक्तों की भीड़ उमड़ रही है। दूसरे सोमवार को कनकेश्वर धाम में भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु रविवार-सोमवार की मध्य रात्रि सर्वमंगला हसदेव तट से कांवर व कलश में जल लेकर पदयात्रा की शुरूआत की। श्रद्धालु बोल-बम के जयकारे के साथ पदयात्रा करते हुए मंदिर पहुंचे। मंदिर के पट खुलने से पहले भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए भक्तों की लंबी कतार लगी रही। ब्रम्हमुहूर्त पर मंदिर के पट खुला और भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर आशीर्वाद लिया। परिवार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। श्रद्धालुओं का यह तांता देर शाम तक लगी रही। इस अवसर पर ऊर्जाधानी में भक्ति का माहौल देखने को मिला। सुबह से देर शाम तक हर हर महादेव के जयकारे से शिवालय गूंजायमान होता रहा। भगवान शिव के धुन पर श्रद्धालु झूम उठे। कनकेश्वर मंदिर परिसर में सावन मास में महामेला का आयोजन किया जा रहा है। मेला में सर्कस, झूला सहित अन्य आकर्षक स्टॉल लगाए गए हैं। यह लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। लोग इसका लुत्फ उठा रहे हैं। रंग-बिरंगे खिलौने, गुब्बारे बच्चों को काफी लुभा रहा है। सोमवार को शिवालयों में भक्तों की आस्था उमड़ी। भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने कई भक्त मध्य रात्रि, तो कई श्रद्धालु दिन में कांवर और पदयात्रा कर शिवालय पहुंचे। शिवालयों में भक्तों का तांता लगा रहा। कई घंटे लंबी कतार में खड़े होकर भगवान शिव का दर्शन पाने आतुर दिखे। मंदिर में प्रवेश मिलते ही भक्तों ने महादेव का जलाभिषेक कर मत्था टेका। परिवार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। कनकेश्वर धाम में भगवान महादेव का जलाभिषेक करने के लिए बड़ी संख्या में लोग कोरबा के साथ ही जांजगीर-चांपा, रायगढ़ सहित अन्य जिले से श्रद्धालु पहुंच रहे। दूसरे सोमवार को भीड़ अधिक रही। इस कारण मार्ग पर दो पहिया, चार पहिया, ऑटो सहित सहित अन्य वाहनों की जाम लगी रही। इस दौरान लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। पाली के ऐतिहासिक शिव मंदिर में भी सावन के तीसरे सोमवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने पहुंचे। सोमवार को सुबह से ही मंदिर में भक्तों की लंबी कतार लग गई थी। देर शाम तक जलाभिषेक करने भक्त पहुंचते रहे।
![]()

