कोरबा। पुलिस लाइन के सामने आकार लेने जा रहे भारतीय जनता पार्टी के नए विशाल कार्यालय भवन ‘अटल स्मृति भवन’ का भूमिपूजन एवं शिलान्यास मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता, पदाधिकारी और नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सिंह, संगठन प्रभारी जामवाल, मंत्री राजेश अग्रवाल, विधायक प्रेमचंद पटेल, सुश्री सरोज पांडे, भाजपा जिला अध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह सहित अनेक वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि ऊर्जानगरी कोरबा में बनने जा रहा भाजपा का यह विशाल कार्यालय अटल स्मृति भवन न केवल संगठन की शक्ति और विस्तार का प्रतीक होगा, बल्कि हजारों कार्यकर्ताओं के समर्पण और संकल्प को भी दीर्घकाल तक रेखांकित करेगा। उन्होंने कहा कि विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के अंशदान से बनने वाला यह भवन सर्वसुविधाओं से युक्त होगा और संगठनात्मक गतिविधियों को नई गति देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि संगठन के विस्तार और कार्यक्रमों की बढ़ती आवश्यकताओं को देखते हुए नए भवन की जरूरत थी। इसके निर्माण से कार्यकर्ताओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और संगठनात्मक कार्यों में सुगमता आएगी। उन्होंने अटल स्मृति भवन के निर्माण का संकल्प लेने और उसे साकार करने के लिए जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी, उनकी टीम और सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह कार्य निश्चित रूप से सफल होगा।
डेढ़ साल में पूरा होगा प्रोजेक्ट : गोपाल मोदी
जिला भाजपा अध्यक्ष गोपाल मोदी ने स्वागत भाषण में कहा कि अटल स्मृति भवन के निर्माण में कई महत्वपूर्ण पहलुओं को ध्यान में रखा गया है। इस स्थान पर नया कार्यालय बनने से बड़े कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा होगी और पार्किंग की समस्या नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि अधिकतम डेढ़ वर्ष में भवन का निर्माण पूर्ण करना प्राथमिकता है। चूंकि यह कार्य भाजपा परिवार के सामूहिक सहयोग से किया जा रहा है, इसलिए लागत को लेकर कोई बाधा नहीं है।
![]()




























