सोसायटी में नहीं पहुंचा शक्कर, आवंटन पर संशय
कोरबा। शासकीय उचित मूल्य की दुकानों से हर माह कार्डधारियों को निर्धारित मात्रा में चावल, चना व शक्कर का वितरण किया जाता है। इस बार कार्डधारियों को शक्कर मिलेगा या नहीं इसे लेकर संशय बना हुआ है। क्योंकि गोदाम खाली है और नागरिक आपूर्ति निगम से शक्कर की सप्लाई नहीं हुई है। ऐसे में कार्डधारियों को इस बार बिना शक्कर ही संतोष करना पड़ सकता है। जिले में शहरी व ग्रामीण क्षेत्र मिलाकर 545 सोसायटी संचालित है। जहां कार्डधारियों को रियायती दर पर खाद्यान्न का वितरण किया जाता है। कार्डधारियों को हर माह 17 रुपए किलो की दर से एक किलो शक्कर मिलता है। सोसायटियों में नागरिक आपूर्ति निगम द्वारा खाद्यान्नों की सप्लाई की जाती है। अधिकारी बताते हैं कि इस बार शक्कर की सप्लाई नहीं पहुंची है। आगे भी शक्कर की आपूर्ति होगी या नहीं इसे लेकर अधिकारी कुछ कह नहीं पा रहे हैं। जिसकी वजह से जनवरी में कार्डधारियों को शक्कर मिलना मुश्किल है। कुछ सोसायटी संचालकों ने बताया कि उनके पास शक्कर का पुराना स्टॉक है जिससे कुछ हितग्राहियों को आबंटन हो सकता है और किया भी जा रहा है। हालांकि सोसायटी के हर कार्डधारी को शक्कर मिले यह मुश्किल है।
वर्जन
नागरिक आपूर्ति निगम से शक्कर की आपूर्ति नहीं हुई है। कारण नॉन के अधिकारी ही बता सकते हैं। गोदामों में भी शक्कर नहीं है।
जेके सिंह, जिला खाद्य अधिकारी
![]()




























