हाईटेक कैमरों से ट्रेन और स्टेशनों की होगी निगरानी, चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा सुनिश्चित आयोजित बैठक में रेलवे सुरक्षा बल को दिए दिशा-निर्देश
कोरबा। विधानसभा चुनाव-2023 के मद्देनजर हर संभव हलचल पर चौकस नजर रखने और आपराधिक गतिविधियों को रोकने के सभी संभव इंतजाम पर फोकस करते हुए बिलासपुर आईजी अजय कुमार यादव ने एक विशेष बैठक ली। उन्होंने चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए रेलवे स्टेशनों व यात्री ट्रेनों के माध्यम से होने वाले मादक पदार्थों, गांजा इत्यादि की जांच के लिए रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी व जिला पुलिस बल को संयुक्त चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। व्यस्त रहने वाले इन स्थानों में सतत और अचूक निगरानी के लिए हाईटेक सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के निर्देश भी उन्होंने दिए हैं। जरूरत के अनुसार जीआरपी थाना-चौकी शुरू करने पुलिस मुख्यालय के सक्षम प्रस्ताव भेजने के निर्देश भी दिए हैं।बिलासपुर रेंज अंतर्गत आने वाले रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था और अपराधियों की धरपकड़ व कार्यवाही के लिए रेलवे सुरक्षा बल, शासकीय रेल पुलिस, रेंज के रेलवे लाईन से जुड़े जिले बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चाम्पा, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, सक्ती के अधिकारियों की त्रैमासिक समन्वय बैठक ली। सर्वप्रथम बैठक में पुलिस महानिरीक्षक द्वारा वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त (रेलवे सुरक्षा बल), पुलिस अधीक्षक(रेल) तथा रेंज के जिलों द्वारा प्रस्तुत जानकारी की समीक्षा की गई। जिला बिलासपुर, रायगढ़, कोरबा, जांजगीर-चाम्पा, सक्ती एवं गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही अंतर्गत आने वाले सभी रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था एवं घटित अपराधों की रोकथाम के संबंध में विभिन्न निर्देश दिए गए। पुलिस महानिरीक्षक ने बैठक में रेलवे स्टेशन में यात्रियों की बढ़ती संख्या तथा आवागमन को देखते हुए नये जीआरपी थाना-चौकी खोले जाने संबंधी समुचित प्रस्ताव तैयार कर पुलिस मुख्यालय को प्रेषित करने संबंधी निर्देश दिए। एफआरएस तकनीक के हाईटेक सीसीटीवी कैमरे सभी बड़े स्टेशनों के साथ-साथ छोटे स्टेशनों के प्रमुख स्थानों पर स्थापित करने तथा इस कार्यवाही में जिला पुलिस बल से समन्वय बनाकर आवश्यक कार्यवाही करने हेतु बैठक में उपस्थित वरिष्ठ मण्डल सुरक्षा आयुक्त रेलवे सुरक्षा बल को निर्देशित किया गया।
बाक्स
अपराधियों की जानकारी साझा करेंगे आरपीएफ व पुलिस
पुलिस महानिरीक्षक ने आसन्न विधानसभा निर्वाचन-2023 को ध्यान में रखते रेलवे सुरक्षा बल, शासकीय रेल पुलिस एवं जिला पुलिस बल को संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर रेलवे के माध्यम से होने वाले मादक पदार्थों की तस्करी इत्यादि के विरूद्ध कार्यवाही करने निर्देशित किया गया। वर्तमान में चल रहे त्यौहारी मौसम को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल एवं शासकीय रेल पुलिस को जिला पुलिस बल से समन्वय स्थापित कर रेलवे परिक्षेत्रों में अवांछित गतिविधियों को रोकने के लिए बी.डी.एस. टीम के माध्यम से भी चेकिंग कराने एवं रेलवे क्षेत्र में घटित अपराध और अपराधियों की जानकारियां नियमित आपस में साझा करने के निर्देश दिये गये साथ ही समय-समय पर जिला पुलिस बल के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मॉक-ड्रिक भी आयोजित करने हेतु निर्देशित किया गया।
![]()

