होलिका दहन के बाद शुरू हुआ रंगोत्सव, रंगों से सराबोर रहे लोग, ग्रहण के कारण पर्व का दिन रहा प्रभावित फिर भी उत्साह रहा बरकरार

Must Read

कोरबा। जिले सहित नगरीय और उपनगरीय क्षेत्रों में रंगों का पर्व होली पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस वर्ष चंद्रग्रहण के कारण पर्व के दिन का समय कुछ हद तक प्रभावित रहा, फिर भी लोगों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। बुधवार सुबह से ही शहर और आसपास के क्षेत्रों में रंग, गुलाल और अबीर उड़ते नजर आए और हर ओर होली का उल्लास दिखाई दिया। होली के अवसर पर बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों सभी ने एक-दूसरे को रंग और गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। मोहल्लों और चौक-चौराहों में लोगों ने एकत्रित होकर रंगोत्सव मनाया। कहीं ढोल-नगाड़ों की थाप पर लोग झूमते नजर आए तो कहीं डीजे की धुन पर युवाओं ने जमकर नृत्य किया। नगरीय क्षेत्रों के साथ-साथ उपनगरीय और ग्रामीण इलाकों में भी होली का रंग पूरे शबाब पर रहा। लोग घरों से निकलकर एक-दूसरे के यहां पहुंचे और रंग-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी। कई स्थानों पर सामूहिक होली मिलन कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जहां लोगों ने मिठाई खिलाकर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। इस वर्ष होली के दिन चंद्रग्रहण पड़ने के कारण धार्मिक मान्यताओं के चलते कई स्थानों पर पूजा-पाठ और अन्य परंपराओं के समय में बदलाव देखने को मिला। ग्रहण के कारण सूतक लगने से मंदिरों के पट भी कुछ समय के लिए बंद रहे। हालांकि ग्रहण समाप्त होने के बाद मंदिरों में पुन: पूजा-अर्चना और आरती की गई। धार्मिक मान्यताओं के कारण कुछ लोगों ने ग्रहण के समय घरों में रहकर पूजा-पाठ किया, लेकिन जैसे ही ग्रहण का प्रभाव समाप्त हुआ, लोग फिर से रंगोत्सव में शामिल हो गए। होली के दिन शहर के विभिन्न मोहल्लों, कॉलोनियों और चौक-चौराहों में उत्सव का माहौल देखने को मिला। बच्चों की टोलियां पिचकारियों से रंग बरसाती नजर आईं, वहीं युवाओं ने रंग और गुलाल उड़ाकर होली का आनंद लिया। कई स्थानों पर पारंपरिक गीतों और ढोलक की थाप पर फाग गीत भी गाए गए। घर-घर में गुझिया, पापड़ी, मालपुआ और अन्य पारंपरिक व्यंजन बनाए गए। लोग अपने रिश्तेदारों और परिचितों के घर जाकर मिठाई और पकवानों के साथ होली का आनंद लेते रहे। होली के दौरान लोगों का रूप बदला हुआ नजर आया। विशेष कर युवाओं में चेहरे पर लाल, पीले, चमकीला रंग लगाए टोली सड़कों पर निकली। नकली बाल, फटे कपड़े पहने हुए भी लोग दिखाई दिए। इस मामले में लड़कियां भी पीछे नहीं दिखी। वह भी अपने सहेलियों की टोली बनाकर एक दूसरे को रंग गुलाल लगाते हुए नजर आई।

शांति और सौहार्द के साथ मनाया गया पर्व
होली के अवसर पर प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। कुल मिलाकर जिले में इस वर्ष होली का पर्व रंग, उमंग और आपसी भाईचारे के साथ मनाया गया। चंद्रग्रहण के कारण पर्व का समय कुछ प्रभावित जरूर हुआ, लेकिन लोगों के उत्साह में किसी प्रकार की कमी नहीं आई और पूरे जिले में होली का रंग देर तक बिखरा रहा।

Loading

Latest News

रोजगार कार्यालय कोरबा में प्लेसमेंट केंप 11 मार्च को होगी

कोरबा। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र कोरबा में प्लेसमेंट कैंप का आयोजन 11 मार्च को किया जा रहा...

More Articles Like This