कोरबा। जिले के अलग अलग क्षेत्र में घटित दो सड़क हादसे में दो लोगों की जान चली गई। जहां ओवरटेक के फेर में स्पोर्टस बाइक के चालक ने सामने से आ रही दोपहिया को ठोकर मार दिया। हादसे में दोपहिया सवार प्लम्बर की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं बेटा बहू से मिलकर घर लौट रहा बुजुर्ग तेज रफ्तार बाइक की चपेट में आ गया। उसने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अस्पताल पुलिस ने दोनों ही मामले में वैधानिक कार्रवाई की है।
पहली घटना सिविल लाइन थानांतर्गत झगरहा-बरबसपुर बाइपास मार्ग में पंडरीपानी के समीप घटित हुई। बताया जा रहा है कि उरगा थानांतर्गत ग्राम कुरूडीह में दुर्गेश कुमार पटवा 36 वर्ष निवास करता था। वह प्लम्बर का काम कर परिवार का भरण पोषण करता था। शनिवार की सुबह दुर्गेश अपने बुलेट में साथी हेमंत व संदीप के साथ काम करने मेडिकल कॉलेज आ रहा था। वह पंडरीपानी रवि दुकान के सामने पहुंचा था। इसी दौरान एक भारी वाहन को ओवरटेक करते हुए स्पोर्टस बाइक के चालक ने सामने से आ रही बुलेट को ठोकर मार दिया। हादसे में बुलेट सवार दुर्गेश को गंभीर चोटें आई। उसे आनन फानन मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। इसी तरह दूसरी घटना करतला थानांतर्गत ग्राम नवापारा की है। यहां जयलाल प्रसाद पांडे 86 वर्ष निवास करते थे। वे गांव में ही रहने वाले बेटा बहू के घर मिलने गए थे, जहां से घर लौट रहे थे। वे मुख्यमार्ग में पहुंचे थे। इसी दौरान किसी दोपहिया के चालक ने बुजुर्ग को ठोकर मार दिया। हादसे में बुजुर्ग को गंभीर चोटें आई। घटना की जानकारी आसपास मौजूद बच्चों ने परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने बुुजुर्ग को आनन फानन इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल दाखिल कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। अस्पताल पुलिस ने दोनों ही मामले में मेमों के आधार पर वैधानिक कार्रवाई पूरी की। तत्पश्चात मृतकों के शव को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मामले में पुलिस जांच कर रही है।
![]()

