कोरबा। प्रथम पूज्य भगवान श्रीगणेश के जन्मोत्सव को लेकर पूरा शहर गणेशमय हो गया है। गणेश चतुर्थी की पूर्व संध्या पर शनिवार को शहर के बाजारों में बप्पा की प्रतिमा खरीदने श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। जगह-जगह सजे प्रतिमा बाजारों में एक से लेकर 12 फीट तक की आकर्षक प्रतिमाएं उपलब्ध रहीं। घरों के साथ शहर के 300 से अधिक सार्वजनिक पंडालों में गणपति स्थापना की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।

प्रतिमा के साथ पूजा सामग्री और सजावट के सामान की भी जमकर खरीदारी हुई। घरों में गणेश स्थापना करने वाले श्रद्धालुओं ने पूजा की थाली, फूल, सजावटी सामग्री सहित अन्य पूजन सामग्री खरीदी। वहीं सार्वजनिक गणेशोत्सव समितियां पंडालों को अंतिम रूप देने में जुटी रहीं। कई समितियों ने बप्पा के स्वागत के लिए विशेष सजावट और आयोजन की तैयारी पूरी कर ली है।गणेशोत्सव की तैयारियों के बीच शनिवार को नगर में गणपति बप्पा की प्रतिमाओं का भव्य आगमन हुआ। प्रतिमाओं के अनावरण के दौरान आतिशबाजी की गई और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। धूमाल और डीजे की धुनों पर युवा झूमते नजर आए। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बप्पा का स्वागत किया और पूजा-अर्चना की।
सोमवार को शुभ मुहूर्त में विराजेंगे बप्पा
गणेश चतुर्थी को लेकर अब शहर में उत्साह चरम पर है। अधिकांश घरों और सार्वजनिक पंडालों में सोमवार को शुभ मुहूर्त के अनुसार भगवान गणेश की स्थापना की जाएगी। इसके साथ ही शहर में दस दिवसीय गणेशोत्सव का उल्लास शुरू हो जाएगा। विभिन्न समितियां आकर्षक पंडाल, विद्युत सजावट और धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए बप्पा के स्वागत की तैयारी में जुटी हैं।
![]()
































