कोरबा। पाली-रतनपुर मुख्य मार्ग पर चेपा मोड़ के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें एक की मौके पर मौत हो गई। दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क हादसे में ग्राम पंचायत मुड़ापार निवासी अश्वनी कुमार रात्रे उर्फ रानू (28) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों का उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मृतक अश्वनी कुमार रात्रे पिता रामजी रात्रे निवासी ग्राम मुड़ापार थाना हरदी बाजार 5 सितंबर को दोपहर करीब 3 बजे अपनी नई गाड़ी की किस्त जमा करने के लिए घर से निकला था। बाइक पर उसके दो साथी भी सवार थे। तीनों पाली से रतनपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान चेपा मोड़ के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक कई फीट दूर जा गिरी और तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। अश्वनी को सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद सड़क से गुजर रहे लोगों ने दोनों घायल युवकों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। पाली पुलिस अज्ञात दुर्घटनाकारित वाहन की पतासाजी में जुट गई है।
![]()
































