कोरबा। कटघोरा-अंबिकापुर राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच -130 पर गुरसिया मोड़ के पास पेट्रोल-डीजल से भरे इंडियन ऑयल के टैंकर में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। टैंकर कोरबा से पेट्रोल और डीजल लोड कर वाड्राफनगर की ओर जा रहा था। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई।
जानकारी के अनुसार, चालक गुरसिया ढाबा के पास खाना खाने के लिए रुका था। खाना खाने के बाद जैसे ही उसने टैंकर स्टार्ट किया, उसके इंजन वाले हिस्से में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं। टैंकर में पेट्रोल और डीजल भरा होने की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था संभालते हुए आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की। पेट्रोलियम पदार्थ से भरे टैंकर को देखते हुए पुलिस ने किसी बड़े हादसे की आशंका को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुरक्षा कदम उठाए। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
![]()
































