कोरबा। एसईसीएल गेवरा क्षेत्र स्थित नेहरू शताब्दी चिकित्सालय (एनसीएच) में व्याप्त समस्याओं को लेकर कोयला मजदूर सभा (एचएमएस) ने 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए आंदोलन की चेतावनी दी थी। जिसके मद्देनजर प्रबंधन व संगठन के बीच बैठक हुई। बैठक में अहम मुद्दों पर सहमति बनी है।
एचएमएस गेवरा प्रोजेक्ट के सेक्रेटरी एचसी मंसूरी ने नेहरू शताब्दी चिकित्सालय गेवरा में व्याप्त समस्याओं को लेकर मांगपत्र एरिया महाप्रबंधक को सौंपा था। 15 दिन के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। जिस पर प्रबंधन द्वारा संज्ञान लेते हुए एनसीएच के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कक्ष में अधिकारियों व संगठन प्रतिनिधियों की बैठक हुई। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने गहन विचार विमर्श उपरांत अहम मुद्दों पर 15 अप्रैल तक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। श्री मंसूरी ने बताया कि कोल कर्मचारियों के रेफरल पेपर में चार अधिकारियों के हस्ताक्षर उपरांत ही सेंशन के लिए भेजा जाता था। अब उसका सरलीकरण करते हुए एचआर विभाग के एक अधिकारी के हस्ताक्षर करने के बाद सीधे सेंशन के लिए भेजा जाएगा। इसके लिए प्रस्ताव बनाकर एरिया के माध्यम से बिलासपुर मुख्यालय भेजा जाएगा। बैठक में चिकित्सालय में नर्सों, ईसीजी, एक्सरे टेक्निशियन, ड्रेसर व अन्य स्टाफ के रिक्वायरमेंट के अनुरूप मैनपावर बढ़ाने का प्रस्ताव भी मुख्यालय भेजा जाएगा। श्री मंसूरी ने बताया कि दवाई का रैपर, पैकेट लाने के उपरांत ही बिल पास करने का पत्र जारी किया गया था। जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा आश्वासन दिया गया है कि दवाई का रैपर, पैकेट लाने की बाध्यता को समाप्त करते हुए संशोधन पत्र निकाला जाएगा। चिकित्सा खर्च प्रतिपूर्ति को सरलीकरण करने पुन: मेडिकल बिल चिकित्सालय में ही जमा करने संशोधित पत्र जारी होगा। इसके अलावा हॉस्पिटल स्टाफ को पूरे संडे व पेड हॉलीडे देने प्रस्ताव बनाकर एरिया सेंशन के लिए भेजा जाएगा। इसके अलावा अन्य मुद्दों पर जांच कार्रवाई के लिए सीएमओ व महाप्रबंधक एचआर द्वारा आश्वासन दिया गया। श्री मंसूरी ने कहा कि 15 अप्रैल तक दिए गए आश्वासन अनुसार कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
![]()
































