कोरबा। हरदी बाजार क्षेत्र में भवनों पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर शनिवार को विरोध के स्वर तेज हो गए। कार्रवाई से नाराज विधायक प्रेमचंद पटेल के नेतृत्व में आसपास के गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में दीपका स्थित साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड के मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी करते हुए कार्रवाई का विरोध किया और कार्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर दी।बताया गया कि कोयला खदान विस्तार के लिए शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हरदी बाजार क्षेत्र में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी और छात्रावास भवनों पर बुलडोजर कार्रवाई की गई थी। सार्वजनिक उपयोग से जुड़े इन भवनों पर कार्रवाई के बाद ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई। शनिवार को यही नाराजगी विरोध प्रदर्शन के रूप में सीजीएम कार्यालय के बाहर दिखाई दी।ग्रामीणों का कहना है कि खदान विस्तार के नाम पर सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़े भवनों को हटाने से पहले स्थानीय लोगों की आपत्तियों और क्षेत्र की आवश्यकताओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए था। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, आंगनबाड़ी और छात्रावास जैसे संस्थानों के हटने से आसपास के ग्रामीणों और बच्चों को होने वाली परेशानियों को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। प्रदर्शन के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की नजर स्थिति पर बनी हुई है।
सुरक्षा बलों की तैनाती, तनावपूर्ण रही स्थिति
प्रदर्शन की सूचना के बाद सीजीएम कार्यालय परिसर और मुख्य द्वार पर पुलिस तथा एस ई सी एल के सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। प्रदर्शनकारियों द्वारा तालाबंदी किए जाने के बाद कुछ समय के लिए तनाव की स्थिति निर्मित हुई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
![]()
































