कोरबा। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम (पीएम) में देरी को लेकर हुए विवाद में एक सरपंच ने मर्चुरी कर्मचारी की पिटाई कर दी। आरोप है कि सरपंच ने कर्मचारी का सिर दीवार में पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे आईसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां उसका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस ने सरपंच के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मामले में पुलिस ने सरपंच को हिरासत में लिया है। यह घटना तब हुई थी जब सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम बेंदरकोना निवासी 35 वर्षीय लाल सिंह मंझवार का शव पोस्टमार्टम के लिए लाया गया था। लाल सिंह सुबह करीब 11 बजे बाड़ी की ओर गए थे, जहां उनके भतीजों को कुएं में गिरने का संदेह हुआ। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें कुएं से बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को मर्चुरी में शिफ्ट करने के बाद, परिजन और ग्रामीण, जिनमें सरपंच जयवीर सिंह ठाकुर भी शामिल थे, पोस्टमार्टम के लिए जल्दबाजी करने लगे। उस समय कर्मचारी एक अन्य शव को शिफ्ट कर रहे थे। वरिष्ठ कर्मचारी बालचनैया ने उन्हें इंतजार करने को कहा। कर्मचारी की यह बात सरपंच जयवीर सिंह ठाकुर को नागवार गुजरी। सरपंच ने गाली-गलौज करते हुए बालचनैया की पिटाई शुरू कर दी। उन्होंने बालचनैया का सिर पकड़कर दीवार में पटक दिया, जिससे कर्मचारी के सिर में गंभीर चोटें आईं और उसकी हालत बिगड़ गई। मारपीट के बाद बालचनैया अपने साथियों के साथ सिविल लाइन थाना शिकायत दर्ज कराने गए थे, लेकिन हालत बिगड़ने के कारण वे शिकायत पत्र देकर वापस लौट आए। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद, मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं के तहत सरपंच के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। जांच के दौरान पता चला है कि कर्मचारी के सिर में खून का थक्का जम गया है। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जा रहा था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। कर्मचारी की मौत के बाद परिजनों और कर्मियों ने आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की थी। जिस पर सिविल लाइन पुलिस ने कार्यवाही करते हुए सरपंच को हिरासत में लिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। अस्पताल के संयुक्त संचालक डॉ गोपाल कंवर ने कहा कि मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। वही सिविल लाइन थाना में सरपंच जयवीर सिंह ठाकुर के विरुद्ध धारा 296,115(2),132,121 का आपराधिक मामला दर्ज किया गया है, पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद और भी धारा जुड़ने की पूरी संभावना है।
![]()
































