कोरबा। नगर पालिका परिषद दीपका के विकास को नई दिशा देने के लिए गुरूवार को परिषद की बहुप्रतीक्षित सामान्य सभा की बैठक आहूत की गई। बैठक में आगामी वित्तीय वर्ष का वार्षिक वित्तीय बजट पटल पर प्रस्तुत किया गया, जिसे सदन में उपस्थित सदस्यों ने बहुमत के आधार पर ध्वनि मत से सर्वसम्मति से पारित कर दिया। बजट के साथ ही कोयलांचल क्षेत्र दीपका में विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। प्रस्तुत किए गए बजट में नगर के समग्र विकास और प्रशासनिक संचालन का पूरा खाका खींचा गया है। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए नगर पालिका दीपका का कुल बजट 69 करोड़ 15 लाख 27 हजार रूपए तय किया गया है। बजट में विकास और अन्य प्रशासनिक कार्यों के लिए 56 करोड़ 58 लाख 90 हजार रूपए के प्रस्तावित व्यय का प्रावधान रखा गया है। भारी-भरकम राशि का उपयोग मुख्य रूप से शहर के विभिन्न वार्डों में रुके हुए विकास कार्यों को गति देने, नालियों व सडक़ों के निर्माण, पेयजल व्यवस्था, नगर पालिका कर्मचारियों के नियमित वेतन भुगतान, भारी-भरकम बिजली बिलों को चुकाने और अन्य आवश्यक प्रशासनिक व जनहितैषी कार्यों पर किया जाएगा। बैठक के दौरान इंजीनियर नारायण आदित्य, निर्माण शाखा प्रभारी अनीश मोहम्मद और अकाउंटेंट मुकेश दुबे ने अपने-अपने विभागों का विस्तृत ब्यौरा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया। बजट प्रस्तुत होने के बाद सदन में इस पर चर्चा की गई। चूंकि यह बजट शहर की मूलभूत आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया था, इसलिए उपस्थित जन-प्रतिनिधियों ने बहुमत के साथ ध्वनि मत से इसे अपना समर्थन दिया और इसे पारित कर दिया गया। बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, नेतराम रत्नेश मुख्य नगर पालिका अधिकारी, संगीता साहू नगर पालिका उपाध्यक्ष, अरुणीश तिवारी पार्षद, पार्षदगण संतोष निराला, हिमांशु देवांगन, अविनाश सिंह, सुजीत सिंह, सुनीता जायसवाल, ज्योति तिवारी, धीरेंद्र तिवारी, शांति राजपूत, सविता कंवर, सुमन लता गिलहरे, सुखसागर साहू उपस्थित रहे। सामान्य सभा में बजट पर चर्चा के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत ने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य दीपका को विकास की राह पर ले जाना और जनमानस को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने सदन और जनता को आश्वस्त किया कि विकास के कार्यों में किसी भी प्रकार का राजनीतिक भेदभाव नहीं किया जाएगा और नगर के सभी वार्डों के समुचित विकास का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
![]()
































