कोरबा। देश के मुखिया ना खाऊंगा ना खाने दूंगा के सख्त संदेश के साथ सरकार चला रहे हैं। दूसरी ओर जिले में उनकी ही पार्टी के नेताओं का नाम शासकीय कार्यों में कमीशनखोरी से लेकर अन्य अनियमिताओं में जुड़ रहे हैं। गढ़ उपरोड़ा के भाजपा मंडल अध्यक्ष सह ठेकेदार पर भी गंभीर आरोप लगा है। उन्होंने गरीबों का आशियाना बनाने 8 हितग्राहियों से रकम तो ले लिया है, लेकिन अब तक मकान बनाने का काम शुरू तक नहीं किया गया है। जिसे लेकर उन्हें कारण बताओ नोटिस थमा दिया गया है। इससे पहले हरदी बाजार भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश राठौर पर दो प्रतिशत कमीशन मांगने के आरोप में एफआईआर दर्ज हो चुका है। कटघोरा अटल प्रतिमा मामले में भी ठेकेदार का भाजपा कनेक्शन सामने आ चुका है।
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के हितग्राहियों के आवास निर्माण में लापरवाही को लेकर ठेकेदार सह भाजपा नेता को नोटिस थमाया गया है। नोटिस अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सह विहित प्राधिकारी पंचायत राज अधिनियम की ओर से जारी किया गया है। जनपद पंचायत कोरबा अन्तर्गत ग्राम पंचायत देवपहरी के ठेकेदार हरीशंकर यादव को नोटिस जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि ठेकेदार गढ़ उपरोड़ा का भाजपा मण्डल अध्यक्ष भी है। जारी नोटिस के अनुसार पीएम जनमन योजना अन्तर्गत ग्राम पंचायत देवपहरी के आश्रिम ग्राम देवद्वारी में पहाड़ी कोरवा व बिरहोर हितग्राहियों के आवास निर्माण को स्वीकृति मिली थी। ठेकेदार हरीशंकर यादव द्वारा 8 दिसंबर 2025 को जनपद कार्यालय में नोटरी के माध्यम से हितग्राहियों का निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूर्ण करने प्रस्तुत किया गया था। ठेकेदार द्वारा 8 हितग्राहियों का आज दिनांक तक आवास निर्माण प्रारंभ नहीं किया गया है। जिससे हितग्राहियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शासन की महत्वाकांक्षी योजना भी प्रभावित हो रही है। ठेकेदार से प्रदत्त राशि 3 लाख 20 हजार के विरूद्ध पंचायती राज अधिनियम 1993 की धारा 92 के तहत वसूली/अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए प्राप्त हुई है। जिसे लेकर अनुविभागीय अधिकारी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
![]()
































