कोरबा। अनुकूल मौसम और समय पर हुई अच्छी बारिश ने इस वर्ष जिले के किसानों की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। खेतों में लहलहा रही धान की फसल को देखकर किसान बंपर पैदावार की उम्मीद कर रहे हैं। पिछले वर्ष अत्यधिक बारिश और जलजमाव से धान की फसल को हुए नुकसान के बाद इस बार फसल की बेहतर स्थिति किसानों के लिए राहत लेकर आई है।
मानसून के दौरान पर्याप्त बारिश होने से खेतों में लगातार नमी बनी रही, जिसका सीधा लाभ धान की फसल के विकास को मिला। जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में धान के पौधे स्वस्थ नजर आ रहे हैं और खेत हरियाली से आच्छादित हैं। समय पर बारिश होने से रोपाई के बाद फसल को अनुकूल परिस्थितियां मिलीं। यही वजह है कि इस बार किसानों को पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर उत्पादन की उम्मीद है। किसानों के मुताबिक पिछले साल कई क्षेत्रों में अधिक बारिश और खेतों में पानी भरने से धान की फसल प्रभावित हुई थी। इससे उत्पादन घटने के साथ खेती की लागत निकालना भी मुश्किल हो गया था। इस वर्ष मौसम साथ देने पर अच्छी उपज के जरिए पिछले नुकसान की भरपाई होने की उम्मीद है। हालांकि धान की फसल को तैयार होने में अभी समय है। किसानों को बदलते मौसम के बीच खेतों की लगातार निगरानी करने और कीट-रोग की स्थिति पर नजर रखने की जरूरत है। कृषि विभाग की ओर से भी मौसम के अनुरूप किसानों को तकनीकी सलाह और फसल प्रबंधन की जानकारी उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण होगा। अच्छी पैदावार हुई तो इसका सीधा असर ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर पड़ेगा। किसानों की आय बढ़ने के साथ स्थानीय बाजारों में भी कृषि गतिविधियों को गति मिलने की संभावना है। फिलहाल खेतों में लहलहा रही फसल ने किसानों के चेहरों पर उम्मीद की हरियाली ला दी है।
![]()
































