कोरबा। वंदे मातरम् गीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर 25 सितंबर को देशभर में विशाल सामूहिक पूर्ण वंदे मातरम् गायन का आयोजन किया जाएगा। सुबह 11 बजे एक साथ लाखों विद्यार्थी, शिक्षक और नागरिक राष्ट्रगीत का पूर्ण सामूहिक गायन करेंगे। आयोजन को गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार तैयारियां की जा रही हैं। उक्त जानकारी प्रेस क्लब तिलक भवन में छत्तीसगढ़ प्रांत सामूहिक वंदे मातरम् आयोजन के संयोजक जुड़ावन सिंह ठाकुर ने पत्रकार वार्ता में दी।
श्री ठाकुर ने बताया कि वंदे मातरम् केवल एक राष्ट्रगीत नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, स्वाभिमान और राष्ट्रीय चेतना का अमर स्वर है। इसके 150 वर्ष पूरे होना देश के लिए गौरव का अवसर है। इस मौके पर स्वतंत्रता संग्राम के वीर सेनानियों के त्याग, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति समर्पण को स्मरण करते हुए विद्या भारती द्वारा अखिल भारतीय स्तर पर पूर्ण वंदे मातरम् के सामूहिक गायन का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के 1100 से अधिक सरस्वती शिशु मंदिरों में करीब तीन लाख विद्यार्थी और 11 हजार शिक्षक इस आयोजन में एक साथ शामिल होंगे। इसके अलावा प्रदेश के युवा और आम नागरिकों को भी कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। विद्यालयों में आयोजन को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन के दिन सरस्वती शिशु मंदिरों के आसपास स्थित अन्य विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को भी संबंधित सरस्वती शिशु मंदिर पहुंचकर सामूहिक गायन में सहभागी बनने का आह्वान किया जा रहा है। श्री ठाकुर ने प्रदेश के सभी शैक्षणिक संस्थानों, युवाओं और नागरिकों से इस ऐतिहासिक एवं देशभक्ति पूर्ण आयोजन में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की। उन्होंने बताया कि विद्या भारती देश के 684 जिलों में शिक्षा के क्षेत्र में कार्य कर रही है। इसके अंतर्गत देशभर में 12 हजार से अधिक विद्यालय और करीब 8 हजार अनौपचारिक शिक्षा केंद्र संचालित हैं। सरस्वती शिशु मंदिरों में 1.53 लाख से अधिक शिक्षक और 35.33 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। यहां आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, योग, संगीत और नैतिक मूल्यों पर भी विशेष जोर दिया जाता है। पत्रकार वार्ता में आयोजन को राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति से जोड़ते हुए कहा गया कि 25 सितंबर को सुबह 11 बजे देशभर में एक साथ वंदे मातरम् का पूर्ण गायन भारत की एकता और राष्ट्रभावना का विराट संदेश देगा। आयोजन को सफल बनाने के लिए निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। प्रेस वार्ता में वनंचाल सेवा के प्रांतीय सचिव चंद्र किशोर श्रीवास्तव, जोगेश लाम्बा, दीपक सोनी और कोरबा विभाग प्रमुख कीर्ति अग्रवाल उपस्थित रहे।
![]()
































