कोरबा। साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे मजदूर कांग्रेस की मांग पर रेलवे के इंजीनियरिंग और ओएचई-टीआरडी विभाग के कर्मचारियों को ओवरटाइम (ओटी) देने का आदेश जारी किया गया है। इसे कर्मचारी हित में महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक फैसला बताया जा रहा है। 13 और 14 अगस्त को बिलासपुर में आयोजित मंडल पीएनएम बैठक में एजेंडा क्रमांक 30 के तहत यह मांग उठाई गई थी।
मंडल रेल प्रबंधक के निर्देश पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी ने सभी इंचार्ज एवं सेक्शनल इंचार्ज को संबंधित कर्मचारियों के ओटी का रिकॉर्ड रखने के लिए ओटी रजिस्टर संधारित करने के निर्देश दिए हैं। इससे निर्धारित समय से अतिरिक्त कार्य करने वाले कर्मचारियों के ओवरटाइम का रिकॉर्ड दर्ज हो सकेगा और नियमानुसार भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित होगी। पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन ने इससे पहले भी कर्मचारी हित से जुड़े कई मुद्दों को उठाकर उनका समाधान कराया है। ट्रैक मेंटेनर स्टाफ की पेट्रोलिंग बीट 16 किलोमीटर से घटाकर 12 किलोमीटर कराई गई। इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों को साइकिल अलाउंस दिलाने के साथ स्टेशन मास्टरों के करोड़ों रुपए के ओटी एरियर्स का भुगतान भी कराया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2015 में सिग्नल विभाग के कर्मचारियों को ओटी देने का आदेश भी संगठन के प्रयास से जारी हुआ था। रेल कर्मचारियों ने ओटी संबंधी आदेश जारी होने पर मजदूर कांग्रेस के प्रति आभार जताया है।
……
![]()
































