कोरबा। तहसील कार्यालय के समीप रविवार सुबह तेज रफ्तार भारी वाहन के चालक ने एक अल्टो कार को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद आरोपी चालक दुर्घटनाकारित वाहन समेत मौके से फरार हो गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
बताया गया कि अल्टो कार क्रमांक सीजी 12 डी 8543 का चालक रविवार सुबह कहीं जा रहा था। वह तहसील कार्यालय के समीप पहुंचा ही था कि विपरीत दिशा से आ रहे भारी वाहन के चालक ने तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का सामने का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचते, इससे पहले ही भारी वाहन का चालक वाहन समेत वहां से फरार हो गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने भारी वाहनों की रफ्तार और शहर के भीतर उनके प्रवेश को लेकर नाराजगी जताई।
प्रतिबंध के बावजूद शहर में दौड़ रहे भारी वाहन
स्थानीय लोगों का कहना है कि कटघोरा शहर के भीतर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध होने के बावजूद बड़ी संख्या में भारी वाहन सडक़ों पर दौड़ रहे हैं। तेज रफ्तार भारी वाहनों के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। तहसील कार्यालय जैसे व्यस्त क्षेत्र में भारी वाहन की मौजूदगी ने यातायात व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने प्रशासन और यातायात विभाग से शहर के भीतर प्रतिबंधित भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से रोक लगाने तथा तेज रफ्तार वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद फरार वाहन चालक की तलाश और दुर्घटना के संबंध में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
![]()
































