कोरबा। बांकीमोंगरा पुलिस ने बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पल्सर आरएस 200 बाइक और होंडा एक्टिवा स्कूटी सहित तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी देव कुमार अहिरवार (46) ने थाना बांकीमोंगरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 5 सितंबर की रात दुकान की पार्किंग में खड़ी उसकी पल्सर बाइक चोरी हो गई। अगले दिन सुबह चोरी का पता चलने पर उसने थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले में पुलिस ने अपराध क्रमांक 172/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और संदेहियों से पूछताछ के आधार पर मोनेन्द्र कुमार उर्फ मोनु (19 वर्ष), पिता विक्रमलाल निषाद, निवासी भिलाईबाजार को पकड़ा। पूछताछ में चोरी की वारदात में दो विधि से संघर्षरत बालकों की संलिप्तता भी सामने आई। आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपए कीमत की पल्सर आरएस 200 (सीजी 12 बीटी 6722) और होंडा एक्टिवा स्कूटी (सीजी 12 बीयू 7808) बरामद की गई। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों से चोरी की अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
![]()
































