कोरबा। कोहडिय़ा के पास स्थित नए बाल संप्रेक्षण गृह से पॉक्सो एक्ट में निरुद्ध एक अपचारी बालक बुधवार को इलाज के दौरान जिला अस्पताल से फरार हो गया। घटना के बाद बाल संप्रेक्षण गृह प्रबंधन में हडक़ंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसकी पतासाजी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जांजगीर जिले का अपचारी बालक पॉक्सो एक्ट के मामले में बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध था। बुधवार सुबह उसने सीने में दर्द होने की शिकायत की। बालक की तबीयत को देखते हुए प्रबंधन ने आनन-फानन में एक कर्मचारी के साथ उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टर द्वारा बालक की जांच की जा रही थी। इसी दौरान मौका पाकर उसने साथ मौजूद कर्मचारी का हाथ झटक दिया और वहां से फरार हो गया। कर्मचारी ने तत्काल इसकी सूचना बाल संप्रेक्षण गृह प्रबंधन और पुलिस को दी। इसके बाद पुलिस टीम जिला अस्पताल पहुंची और घटना की जानकारी लेने के साथ बालक की तलाश शुरू कर दी। पुलिस की टीम अपचारी बालक के घर सहित उसके संभावित ठिकानों पर खोजबीन कर रही है। अस्पताल और आसपास के क्षेत्र में भी उसकी पतासाजी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि बालक को जल्द पकडऩे के लिए संभावित स्थानों पर टीम भेजी गई है।
![]()
































