कोरबा। खनिज विभाग की टीम को देखकर कार्रवाई से बचने के चक्कर में रेत लोड ट्रैक्टर चालक ने वाहन को संकरी गली में घुसा दिया। गली में उस वक्त लोगों की आवाजाही हो रही थी। अचानक तेज रफ्तार में ट्रैक्टर को गली में घुसते देख लोगों में दहशत फैल गई और अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई। घटना को लेकर क्षेत्रवासियों में आक्रोश है।
बताया जा रहा है कि खनिज विभाग की टीम शहर के मुख्य मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान टीम की नजर रेत लोड ट्रैक्टर पर पड़ी। टीम ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया। सामने खनिज विभाग की टीम को देख चालक हड़बड़ा गया और कार्रवाई से बचने के लिए अचानक स्टेयरिंग घुमा दी। वह ट्रैक्टर को लेकर रमेश गली में घुस गया।
संकरी गली में उस समय लोगों का आना-जाना लगा था। भारी वाहन को अचानक गली में प्रवेश करते देख लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। चालक ट्रैक्टर को गली से बस्ती के दूसरी ओर ले जाने में कामयाब रहा। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि गली में बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की आवाजाही रहती है। ऐसे में भारी वाहन के इस तरह प्रवेश करने से गंभीर हादसा हो सकता था। लोगों का कहना है कि रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर लगातार प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि तस्करों में कार्रवाई का भय रहे और आम लोगों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।
पाबंदी के बावजूद जारी रेत परिवहन
गौरतलब है कि एनजीटी के नियमानुसार 15 जून से 15 अक्टूबर तक नदी-नालों से रेत उत्खनन और परिवहन पर रोक है। इसके बावजूद हसदेव नदी समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन की शिकायतें सामने आ रही हैं। शहर के साथ ग्रामीण अंचलों में भी यह गतिविधियां जारी होने की बात कही जा रही है। खनिज विभाग द्वारा समय-समय पर कार्रवाई की जाती है, लेकिन इसके बावजूद रेत तस्करी पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पा रहा है।
![]()
































